डोली से पहले उठी अर्थी, द्वार पूजा के दो घंटे पहले ही दुल्हन ने दम तोड़ा

मुरादाबाद से बड़ी खबर : डोली से पहले उठी अर्थी, द्वार पूजा के दो घंटे पहले ही दुल्हन ने दम तोड़ा

डोली से पहले उठी अर्थी, द्वार पूजा के दो घंटे पहले ही दुल्हन ने दम तोड़ा

Google Image | Symbolic Image

Moradabad News : बाप के कंधे पर बच्चे का जनाजा, शायद इससे बड़ा दुख किसी माता पिता के लिए नहीं हो सकता है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक माता पिता के अरमानों की अर्थी उठने से परिवार में हाहाकार मच गया। जयंतीपुर की रहने वाली संगीता ने भी हजारों ख्वाब देखे थे। गुरुवार की रात आठ बजे उसकी बरात आनी थी। घर में खुशियों का माहौल था। संगीता पिया के साथ विदा होने के लिए सजने संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर जाने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच मौत ने उसके घर का दरवाजा खटखटा दिया। पल भर में उसकी मौत हो गई। डॉक्टर के पास ले जाने पर पता चला कि संगीता को हार्ट अटैक हुआ है।

क्या है पूरा मामला
हृदय विदारक यह घटना लाइनपार के जयंतीपुर में हुआ। यहां के निवासी भरत सिंह की बेटी संगीता आर्य ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। उसकी शादी पीतल नगरी के कमल विहार निवासी संदीप कुमार से तय हुई थी। संदीप की मानपुर में फोटो स्टेट की दुकान है। गुरुवार घर में शादी की तैयारी चल रही थी। बरात भोलनाथ कालोनी के बालाजी शादी हाल में रात आठ बजे आनी थी। पिता भरत सिंह ने बताया कि बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। शाम करीब छह बजे संगीता ब्यूटी पार्लर जाने की तैयारी कर रही थी। वह ब्यूटी पार्लर जाने के लिए बाथरूम में मुंह धोने चली गई। बाथरूम से निकलते ही उसकी हालत खराब हो गई और किरायेदार महिला की गोद में आकर गिर पड़ी। कहने लगी मुझे बचा लो।

होने वाली बहू के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोग
परिवार के लोग उसे लेकर पीली कोठी स्थित डा. संजीव कुमार सिंघल के अस्पताल ले गए। वहां उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि हार्ट अटैक के कारण संगीता की मौत हुई है। संगीता की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया। ससुराल वालों को पता लगी तो बरात रोक दी गई। ससुराल के सभी लोग जयंतीपुर आ गए। संगीता का मंगेतर और उसके परिवार वाले उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने दुख जताया। भरत सिंह ने बताया कि संगीता तीन बेटियों में दूसरे नंबर की थी। उनका एक सबसे छोटा बेटा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.