सीएम को एनिया बस्तियानिनी के ऑटोग्राफ वाला हेलमेट दिया

ग्रेटर नोएडा मोटो जीपी का पहला टिकट योगी आदित्यनाथ को सौंपा गया : सीएम को एनिया बस्तियानिनी के ऑटोग्राफ वाला हेलमेट दिया

सीएम को एनिया बस्तियानिनी के ऑटोग्राफ वाला हेलमेट दिया

Tricity Today | Moto GP First Ticket

Lucknow News : ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर 22 से 24 सितंबर तक होने वाली इंडियन मोटो जीपी के आयोजक गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मोटो जीपी का पहला टिकट सौंपा है। दुनिया भर में कई मोटो जीपी रेसों में शीर्ष राइडर और पोडियम फिनिशर एनिया बस्तियानिनी का हस्ताक्षरित हेलमेट इंडियन टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उपहार स्वरूप दिया गया। उत्तर प्रदेश सितंबर 2023 में भारत की पहली मोटो जीपी रेस की मेजबानी कर रहा है।

एक हजार करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधि होंगी

आयोजनकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को स्पेनिश राइडर इनिया बास्टियानिनी की ओर से हेलमेट मुख्यमंत्री को उपहार स्वरूप दिया है। इस रेस के आयोजन से उत्तर प्रदेश में एक हजार करोड़ रुपए की आर्थिक गतिविधि होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व की सबसे तेज मोटर बाइक रेस 'मोटो जीपी' 2023 की पहली रेस के पहले टिकट का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोटो जीपी विश्व की सबसे बड़ी, सबसे तेज और पुरानी बाइक रेसिंग प्रतियोगिता है। पहली बार भारत की मेजबानी में उत्तर प्रदेश में बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट ग्रेटर नोएडा में 22 सितंबर से 24 सितंबर 2023 तक हो रहे आयोजन गर्व और हर्ष का विषय हैं। निश्चित तौर पर यह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित आयोजन होगा।

यह दुनिया का पांचवां सबसे ज्यादा देखा जाने वाला इवेंट

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर के युवाओं के बीच रोमांच से भरे इस ग्लोबल इंवेंट को लेकर उत्सुकता रहती है। यह दुनिया का 5वां सबसे ज्यादा देखा जाने वाला इवेंट है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसके वीडियो लगभग 350 करोड़ बार देखे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मोटो जीपी रेसिंग प्रतियोगिता का सफल संचालन वैश्विक स्तर पर 'ब्रांड उत्तर प्रदेश' को मजबूती से स्थापित करेगा। साथ ही, इस वर्ष यूरोप के बाहर पहली बार उत्तर प्रदेश में 'मोटो ई-रेस' का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता प्रदेश की सफलता की गाथा में एक नया अध्याय जोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछली सरकारों के असहयोग और उदासीनता के कारण उत्तर प्रदेश में लायी गयी 'फॉर्मूला वन रेस' को मात्र एक बार आयोजित करवाकर बन्द कर दिया गया था। यही कारण है कि इस रेस के आयोजक सीईओ कार्मेलो जब गत वर्ष मुझसे मिले थे, तब वे वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश में इस रेस के आयोजन को लेकर सशंकित थे। मैंने उन्हें उत्तर प्रदेश में इस रेस के आयोजन के सम्बन्ध में सरकार के पूर्ण सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिया था।

जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष आयोजन वक्त दिल्ली में रहेंगे

टिकट अनावरण के मौके पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर मोटो जीपी की पूरी टीम को सुरक्षा और सुविधा का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि रेस के आयोजकों और प्रतिभागियों का उत्तर प्रदेश में प्रवास अत्यंत सुखद रहेगा। मुख्यमंत्री ने हर्ष जताते हुए कहा कि मोटो जीपी के कुल सदस्य देशों में 12 देश जी-20 के सदस्य हैं। इसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और जापान भी शामिल हैं। वर्तमान में भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है और जिस समय यह प्रतियोगिता आयोजित होगी, उसी समय जी-20 के राष्ट्राध्यक्ष नई दिल्ली में उपस्थित होंगे। आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतियोगिता में प्रयोग होने वाली बाइक में 30% एथेनॉल का प्रयोग करना सराहनीय है। यह कार्बन फुटप्रिंट को घटाने में सहायक है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा एथेनॉल उत्पादक राज्य है। इस दृष्टि से भी इस ग्रैंड इवेंट का आयोजन महत्वपूर्ण है। मोटो जीपी भारत रेसिंग से 276 ब्रांड जुड़ रहे हैं। इस पर हर्ष जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने वृहद स्तर पर होने वाले इस रेस के आयोजन से उत्तर प्रदेश में लगभग एक हजार करोड़ रुपए की आर्थिक गतिविधि होने की संभावना है। साथ ही 5 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.