नरेंद्र मोदी 18 अक्टूबर को गोरखपुर में करेंगे शंखनाद, पूरे राज्य में धड़ाधड़ 30 रैली होंगी, पूरा कार्यक्रम

UP Vidhansabha Chunav 2022 : नरेंद्र मोदी 18 अक्टूबर को गोरखपुर में करेंगे शंखनाद, पूरे राज्य में धड़ाधड़ 30 रैली होंगी, पूरा कार्यक्रम

नरेंद्र मोदी 18 अक्टूबर को गोरखपुर में करेंगे शंखनाद, पूरे राज्य में धड़ाधड़ 30 रैली होंगी, पूरा कार्यक्रम

Google Image | अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी

UP Vidhansabha Chunav 2022 : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 18 अक्टूबर को गोरखपुर से चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। खास बात यह है कि इस बार भी नरेंद्र मोदी गोरखपुर से चुनाव अभियान छेड़ने वाले हैं। इससे पहले दोनों लोकसभा चुनाव और पिछले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की शुरुआत भी प्रधानमंत्री ने गोरखपुर से की थी। जानकारी मिली है कि इसके बाद पूरे राज्य में प्रधानमंत्री की ताबड़तोड़ रैलियां आयोजित करवाई जाएंगी।

भारतीय जनता पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 30 रैली होंगी। दूसरी ओर गृह मंत्री अमित शाह करीब 50 रैली कर सकते हैं। कुल मिलाकर दोनों शीर्ष नेता 80 रैलियां करेंगे। मतलब, यूपी के प्रत्येक जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृह मंत्री अमित शाह जरूर जाएंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी राजनाथ सिंह से लेकर केंद्र सरकार के तमाम दिग्गज नेताओं को यूपी के चुनाव मैदान में उतारेगी।

योगी आदित्यनाथ 100 से ज्यादा रैली करेंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रत्येक जिले में कम से कम एक चुनावी रैली करेंगे। कुछ जिलों में वह दो और कुछ जिलों में तो तीन रैलियां भी करने वाले हैं। भाजपा के एक उच्च पदस्थ पदाधिकारी ने बताया कि योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव के लिए कम से कम 100 रैली करने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के मौजूदा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भी हर जिले में कम से कम एक रैली करवाना चाहती है। उत्तराखंड, पंजाब और गोवा विधानसभा के लिए भी चुनाव उत्तर प्रदेश के साथ ही होंगे। ऐसे में अगर राजनाथ सिंह का ज्यादा वक्त नहीं मिला तो ठाकुर बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों में उनका कार्यक्रम जरूर लगेगा। कुल मिलाकर भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। दूसरी ओर राज्य में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भी तैयारियों में जुटी है। हालांकि अभी तक समाजवादी पार्टी की तैयारियां भाजपा के मुकाबले बेहद कमजोर नजर आ रही हैं। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस का चुनावी अभियान कैसा रहेगा, इस बारे में साफ तौर से जानकारी नहीं मिल पा रही है। 

गोरखपुर से शुरू होगा चौथा चुनाव अभियान

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर से साथ गहरा रिश्ता है। नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 और उसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान गोरखपुर से शुरू किया था। इसके बाद 2017 में हुए विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत गोरखपुर से की थी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने से पहले 5 बार गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रह चुके हैं। योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं। अब एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 अक्टूबर को गोरखपुर से यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए महाअभियान की शुरुआत करने वाले हैं। देखना यही होगा कि क्या गोरखपुर चौथी बार नरेंद्र मोदी और भाजपा के लिए भाग्यशाली साबित होगा?

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.