बदायूं में प्राचीन मूर्तियां, बर्तन और सिक्के लूटकर भागे गांव वाले

Ganga Expressway के लिए खुदाई में निकला खजाना : बदायूं में प्राचीन मूर्तियां, बर्तन और सिक्के लूटकर भागे गांव वाले

बदायूं में प्राचीन मूर्तियां, बर्तन और सिक्के लूटकर भागे गांव वाले

Tricity Today | Symbolic Image

Badaun News : उत्तर प्रदेश में मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। इसके लिए जमीन की खुदाई का काम चल रहा है। बदायूं जिले में खुदाई के दौरान प्राचीन मूर्तियां और सामान निकला। यह जानकारी पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। लोगों ने बताया कि खुदाई में खजाना निकला है। इसके बाद भीड़ मौके पर पहुंची। लोग मूर्तियां, बर्तन और सिक्के लूटकर ले गए हैं। इतिहासकार मानते हैं कि बदायूं जिला प्राचीन नगरी रहा है। समय-समय पर इसके प्रमाण मिलते रहते हैं। आपको बता दें कि मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण जोरों पर है। संगम नगरी में इस एक्सप्रेसवे से अयोध्या, गोरखपुर और वाराणसी हाईवे सीधे जोड़े जाएंगे।

प्रशासन ने अब तक सुध नहीं ली
मिली जानकारी के मुताबिक बदायूं में बिसौली तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे का काम चल रहा है। इस मार्ग में आ रहे एक टीले की खुदाई शुरू की गई। जिसमें देवी-देवताओं की प्राचीन मूर्तियां निकल रही हैं। बुलडोजर से चल रही खुदाई में कुछ मूर्तियां खंडित हो गई हैं। ताबे के सिक्के और बर्तन निकले हैं। इस खुदाई में निकल रही वस्तुएं गांव के लोग उठाकर ले गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां राजा शालिवाहन का किला था। जो धूल धूसरित हो गया। अब मौके पर बस ऊंचा मिट्टी का टीला है। यहीं से गंगा एक्सप्रेसवे होकर गुजर रहा है। यहां निकली मूर्तियों और तमाम दूसरे सामान को लेकर अभी तक प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया है। पूरे इलाके में अफवाह फैली हुई है कि गंगा एक्सप्रेसवे की खुदाई के दौरान किले से खजाना निकला है। जिसे देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है।

उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से गुजरेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरेगा। प्रयागराज के जूड़ापुर दांदू गांव से यह एक्सप्रेसवे शुरू होगा। वहां काम चल रहा है। इसी स्थान से प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग, अयोध्या वाया प्रतापगढ़-सुलतानपुर राजमार्ग और वाराणसी राजमार्ग को कनेक्ट किया जाएगा। फोरलेन लिंक रोड बनाने की योजना है। प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेसवे पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत बिहार और पश्चिम बंगाल के शहरों को जाने के लिए राह आसान करेगा। यह पूर्वी यूपी को राज्य के पश्चिमी हिस्से और दिल्ली-एनसीआर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कारिडोर बन जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.