वेस्ट यूपी भाजपा ने विधानसभा चुनाव पर किया महामंथन, इन 4 मुद्दों पर बनी खास रणनीति

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : वेस्ट यूपी भाजपा ने विधानसभा चुनाव पर किया महामंथन, इन 4 मुद्दों पर बनी खास रणनीति

वेस्ट यूपी भाजपा ने विधानसभा चुनाव पर किया महामंथन, इन 4 मुद्दों पर बनी खास रणनीति

Tricity Today | वेस्ट यूपी भाजपा ने विधानसभा चुनाव पर किया महामंथन

Meerut News : वेस्ट यूपी भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) की सोमवार को मेरठ में बड़ी बैठक हुई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल (Mohit Beniwal BJP) की अध्यक्षता में संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान आने वाला विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) एकमात्र मसला था। जिस पर चार महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इन्हीं बिंदुओं को आधार बनाकर आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी आगे बढ़ेगी।

पन्ना प्रमुखों पर सबसे ज्यादा फोकस करेगी पार्टी
भारतीय जनता पार्टी की इस बैठक में सबसे ज्यादा जोर पन्ना प्रमुख ऊपर दिया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और यूपी के सह संगठन मंत्री कर्मवीर ने सारे पदाधिकारियों को हिदायत दी है कि पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और क्रियाकलापों पर विशेष नजर रखी जाए। कोई भी पन्ना प्रमुख डमी नहीं होना चाहिए। जिस व्यक्ति को पन्ना प्रमुख बनाया जाए, वह अपनी भूमिका पूरी तरह निभाए। किसी भी पन्ना प्रमुख को निष्क्रिय नहीं होने दिया जाए। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के चुनावी संगठन और रणनीति में पन्ना प्रमुख आधारभूत कड़ी हैं। जिनके बूते भारतीय जनता पार्टी चुनाव दर चुनाव जीत रही है। सभी क्षेत्रीय महामंत्री, मंत्री, उपाध्यक्ष और कार्यकारी सदस्यों को जिलों में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।

30,000 बूथ प्रमुखों का सम्मेलन इसी महीने होगा
भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन में 14 जिले और 7 महानगर शामिल हैं। इनमें 70 विधानसभा क्षेत्र हैं और करीब 30,000 बूथ हैं। भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर एक अध्यक्ष की नियुक्ति की है। इन बूथ अध्यक्षों की जिम्मेदारी चुनावी व्यवस्थाएं संभालना और मतदान को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में ले जाना होता है। पन्ना प्रमुख के बाद बूथ अध्यक्ष भाजपा के सांगठनिक ढांचे में दूसरा महत्वपूर्ण पद है। मेरठ में सोमवार को हुई बैठक के दौरान निर्णय लिया गया है कि इसी महीने पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी 30,000 बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के किसी शीर्ष नेता को आमंत्रित करेंगे। संभावना है कि गृह मंत्री अमित शाह या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य बूथ अध्यक्षों को सक्रिय करना होगा। इसी बैठक में चुनाव और मतदान की रणनीति तय की जाएगी।

वोटर रजिस्ट्रेशन पर फोकस करेगी भारतीय जनता पार्टी
इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वोटर रजिस्ट्रेशन अभियान चल रहा है। इस पर भी संजीदगी के साथ काम किया जाए। भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक वोटरों का रजिस्ट्रेशन करवाया जाए। खासतौर से शहरी क्षेत्रों में बाहर से आकर बसने वाले नए लोगों को पंजीकृत करवाना जरूरी है। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी करके पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर भारतीय जनता पार्टी का खास फोकस है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने सभी पदाधिकारियों को आदेश दिया है कि वोटर रजिस्ट्रेशन की निरंतर समीक्षा करते रहें। पार्टी के जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्षों और वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए जिम्मेदार कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखें। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी पुराने वोटरों में आने वाली उदासीनता की भरपाई नए वोटरों के जरिए करना चाहती है।

सदस्यता अभियान में अव्वल आया भाजपा का पश्चिम क्षेत्र
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान चला रखा है। तमाम जिलों और महानगरों में इस वक्त भाजपा के कार्यकर्ता लोगों को पार्टी का सदस्य बना रहे हैं। वेस्ट यूपी बीजेपी ने इसमें भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब तक पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मतदाता वेस्ट यूपी भाजपा के दायरे में पड़ने वाले 14 जिलों और 7 महानगरों में बनाए गए हैं। जिसके लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही बेनीवाल ने पार्टी के पदाधिकारियों को आदेश दिया है कि सदस्यता अभियान को संजीदगी के साथ इसी रफ्तार से आगे बढ़ाते रहें। मोहित बेनीवाल ने कहा है कि इस बार के सदस्यता अभियान में पश्चिम क्षेत्र से रिकॉर्ड लोगों को पार्टी का सदस्य बनाना है।

पहले से ज्यादा विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया
वेस्ट यूपी के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से इस समय भारतीय जनता पार्टी के 50 विधायक हैं। रविवार को मेरठ में हुई बैठक के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने आने वाले विधानसभा चुनाव में सीटों की संख्या किसी भी सूरत में नहीं घटने देने का संकल्प लिया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस चुनाव में पिछली बार से ज्यादा सीटें भाजपा वेस्ट यूपी में जीतेगी। इसके लिए व्यापक रणनीति बनाई जा रही है। भाजपा का पूरा अमला मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटा है। नाराज, उदासीन और नए वोटरों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर पार्टी काम कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.