जेवर विधानसभा क्षेत्र के 100 प्राइमरी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, विधायक ने यमुना प्राधिकरण को दी जिम्मेदारी

बड़ी खबर : जेवर विधानसभा क्षेत्र के 100 प्राइमरी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, विधायक ने यमुना प्राधिकरण को दी जिम्मेदारी

जेवर विधानसभा क्षेत्र के 100 प्राइमरी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, विधायक ने यमुना प्राधिकरण को दी जिम्मेदारी

Tricity Today | विधायक धीरेंद्र सिंह और अरुण वीर सिंह

Jewar News : जेवर विधानसभा क्षेत्र (Jewar Assembly Constituency) के 100 प्राइमरी स्कूलों की तस्वीर बदलने वाली है। इन स्कूलों में नई सुविधाएं देने और मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में विधायक धीरेंद्र सिंह व मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह के बीच लंबी बैठक हुई। इस दौरान करीब 50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया है। बैठक में अथॉरिटी के दोनों अपर मुख्य कार्यपालक और महाप्रबंधक अधिकारी भी शामिल हुए।

जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण लगभग 100 परिषदीय विद्यालयों में एक साथ कायाकल्प अभियान शुरू करेगा। आज मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण वीर सिंह को इन 100 परिषदीय विद्यालयों का ऑपरेशन कायाकल्प का प्रस्ताव दिया है। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा, "ऑपरेशन कायाकल्प का खाका तैयार किया जा चुका है। बहुत जल्द जेवर विधानसभा के लगभग 100 परिषदीय विद्यालय नए लुक में नजर आएंगे। इसके अलावा गांवों में सड़क पेयजल अंत्येष्टि स्थल और किसानों से जुड़ी समस्याओं पर भी लंबी चर्चा हुई है।"

इस मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रविंद्र सिंह, मोनिका रानी के साथ जनरल मैनेजर केके सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी को एक पत्र भी प्रेषित किया है। विधायक ने अधिकारियों से भट्टा, पारसौल आछेपुर और मुतैना आदि गांवों में भी विकास की योजनाएं शुरू करने को कहा है। दरअसल, वर्ष 2011 में भट्टा किसान आंदोलन के चलते इस पूरे इलाके को यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के मास्टर प्लान में ग्रीन बेल्ट घोषित कर दिया गया है। पिछले दिनों इन गांवों के किसानों ने धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीईओ से मुलाकात की थी। किसानों ने विकास योजनाओं के लिए जमीन देने की सहमति दी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.