यूपी भाजपा के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर और जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह पहुंचे जरूरतमंदों के द्वार, बांटे कम्बल

जनसेवाः यूपी भाजपा के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर और जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह पहुंचे जरूरतमंदों के द्वार, बांटे कम्बल

यूपी भाजपा के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर और जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह पहुंचे जरूरतमंदों के द्वार, बांटे कम्बल

Tricity Today | जरूरतमंदों को कंबल वितरित करते संगठन महामंत्री कर्मवीर और विधायक धीरेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर और जेवर से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह शनिवार की शाम जरूरतमंदों के द्वार पहुंचे। दोनों नेताओं ने जेवर विधानसभा क्षेत्र के गांव भगवंतपुर में घर-घर जाकर जरूरतमंदों को कंबल बांटे हैं। लोगों की कुशलक्षेम पूछी और समस्याओं पर भी बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने सह संगठन महामंत्री और धीरेंद्र सिंह को धन्यवाद ज्ञापित किया। दोनों नेताओं ने इलाके के किसानों के साथ एक बैठक की। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के बारे में किसानों को विस्तार से जानकारी दी है।

जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा, "जेवर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण अंचल के ग्राम भगवन्तपुर में प्रदेश के सह संगठन महामंत्री कर्मवीर जी भाईसाहब ने निराश्रित और जरूरतमंदों को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा सप्ताह में कंबल वितरित किए हैं। वह गांव में जरूरतमंद परिवारों से मिले। घर-घर जाकर उन्हें कंबल दिए हैं। कुशलक्षेम पूछा है। राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ पर भी बातचीत की है।"

इसके बाद सह संगठन महामंत्री और विधायक क्षेत्र के किसानों से मिले। किसानों से केंद्र सरकार के कृषि कानूनों पर चर्चा की। किसानों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान हितों को सर्वोपरि मानते हैं। उन्होंने किसानों की आर्थिक सुरक्षा और आय बढ़ाने के लिए कृषि कानून पारित किए हैं। विपक्षी दल राजनीति के वशीभूत होकर इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं। विपक्ष का मकसद किसान हितों से नहीं है, केवल केंद्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक गतिरोध खड़ा करना है।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने सह संगठन महामंत्री को भट्टा पारसोल के किसान आंदोलन में मुकदमे और कानूनी कार्रवाई झेल रहे किसानों के बारे में जानकारी दी। उन्हें मुकदमे वापस लेने की जानकारी भी दी। बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों पर दर्ज दो मुकदमे वापस ले लिए हैं। अब केवल तीन मुकदमे शेष बचे हैं। इन 3 मुकदमों को भी वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है। इस पर कर्मवीर ने उन्हें मदद करने और प्रकरण के बारे में मुख्यमंत्री से निवेदन करने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने कहा कि भट्टा पारसौल के किसानों पर चल रहे बाकी तीन मुकदमे भी राज्य सरकार जल्दी से जल्दी वापस लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.