डीसीपी ट्रैफिक खुद जेवर टोल प्लाजा पहुंचे, पुलिस बढ़ाई गई

Yamuna Expressway Traffic Jam: डीसीपी ट्रैफिक खुद जेवर टोल प्लाजा पहुंचे, पुलिस बढ़ाई गई

डीसीपी ट्रैफिक खुद जेवर टोल प्लाजा पहुंचे, पुलिस बढ़ाई गई

Social Media | यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक हटवाया जा रहा है

होली पर घर के लिए निकले हुजूम से यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर भयंकर जाम लगा हुआ है। शनिवार की सुबह से शुरू हुआ जाम देर शाम तक भी खत्म नहीं कराया जा सका। गाड़ियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही हैं। जेवर टोल प्लाजा (Jewar Toll Plaza) पर आज सुबह शुरू हुआ जाम देखते-देखते भयंकर रूप अख्तियार कर गया। इसकी वजह से एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। यातायात को सामान्य करने के लिए जेवर टोल प्लाजा पर टोकन व्यवस्था चालू कराई गई है। 



गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी ट्रैफिक (DCP Traffic) गणेश प्रसाद साहा खुद एक्सप्रेसवे पर मौजूद हैं। इसके अलावा भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात को सामान्य और सुचारू करने की कोशिश की जा रही है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा जाने वाले वाहनों की संख्या में अचानक शनिवार को भारी बढ़ोतरी हो गई। इस वजह से जेवर टोल प्लाजा पर भयंकर जाम की स्थिति बन गई और यातायात धीमा हो गया। 

बताते चलें कि लोग होली के त्यौहार पर अपने घर वापस लौट रहे हैं। जिसके चलते सड़कों पर भरी भीड़ है। यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए ग्रेटर नोएडा से मथुरा-आगरा जाने वाले हजारों मुसाफिर शनिवार की सुबह से ही जेवर टोल प्लाजा (Jewar Toll Plaza) पर लंबी लाइनों में फंसे हुए हैं। जेवर टोल प्लाजा पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। हजारों वाहन एक्सप्रेसवे पर खड़े हैं। सुबह गंतव्य को निकले लोग दोपहर तक गौतमबुद्ध नगर जिले के दायरे से भी नहीं निकल पाए। परेशान यात्री इसकी शिकायत सोशल मीडिया के जरिए केंद्रीय सड़क राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कर रहे हैं। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे पर अब तक फास्टैग नहीं लगने को लेकर सवालिया निशान उठा रहे हैं।

जाम में फंसे लोगों का कहना है कि तेज सुविधा देने के लिए फास्टैग (Fastag) शुरू की गई थी, लेकिन देश के पहले एक्सप्रेसवे पर हजारों वाहन टोल प्लाजा पर खड़े हैं। खबर लिखे जाने तक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं आया है। हजारों गाड़ियां अब भी लाइन में लगी हुई हैं। बताते चलें कि ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) से आगरा (Agra) तक यात्रा बेहद राहत और सुकून भरी रहती है। देश का पहला एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) मुसाफिरों को बेहतरीन सफर के लिए आकर्षित करता है। लेकिन शनिवार की सुबह हजारों यात्री जाम में ऐसे फंसे कि उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.