Delhi News : एयर इंडिया के विमान में यात्रियों और महिला क्रू मेंबर से अभद्रता, एयरपोर्ट पर आरोपी हिरासत में 

Google Image | Symbolic Image



Delhi News : न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान में सवार एक यात्री अचानक उग्र हो गया। उसने अपने आसपास बैठे अन्य यात्रियों के साथ अभद्रता और गाली गलौज करनी शुरू कर दी। विमान में तैनात एक महिला क्रू मेंबर ने यात्री को समझने का प्रयास किया, तो यात्री ने महिला क्रू मेंबर के साथ भी अभद्रता की और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया। इससे विमान में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। विमान जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो महिला क्रू मेंबर ने इसकी शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया।

आसपास बैठे यात्रियों पर चिल्लाने लगा आरोपी
जानकारी के अनुसार, अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एयर इंडिया का विमान यात्रियों को लेकर दिल्ली आ रहा था। इस विमान में केबिन क्रू में काम करने वाली एक महिला क्रू मेंबर ने दिल्ली एयरपोर्ट थाना पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह एयर इंडिया की इकोनॉमी क्लास के क्रू में शामिल थी। उसने आरोप लगाया कि विमान में यात्रा कर रहा अभिनव शर्मा नामक एक यात्री अचानक अपने आसपास बैठे अन्य यात्रियों पर चिल्लाने लगा और यात्रियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। उसके बाद विमान के क्रू मेंबर यात्री को लगातार ऐसी हरकत करने से मना करते रहे, लेकिन वह किसी की बात नहीं मान रहा था। इस दौरान केबिन सुपरवाइजर ने आरोपी यात्री को लिखित चेतावनी भी दी, मगर वह यात्री कुछ भी समझने को तैयार नहीं था।

महिला क्रू मेंबर के साथ की अभद्रता
विमान की महिला क्रू मेंबर ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि जब उसने उस यात्री को रोकने का प्रयास किया, तो यात्री ने अशोभनीय बातें करते हुए उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि रोके जाने पर वह लगातार उग्र हो रहा था। इससे काफी समय तक विमान में हंगामे की स्थिति बनी रही। दिल्ली पहुंचने के बाद महिला क्रू मेंबर की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को शक है कि यात्री नशे में था। पुलिस ने आरोपी यात्री का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अन्य खबरें