गाजियाबाद में टाटा स्टील के अधिकारी की हत्या : दिल के पास दो बार चाकू मारकर उतारा मौत के घाट, जानिए किस हालत में मिली लाश

Tricity Today | गाजियाबाद में टाटा स्टील के एक सीनियर अधिकारी की चाकू से गोद कर हत्या



Ghaziabad News : गाजियाबाद में टाटा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेशनल बिजनेस हेड चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद घर से करीब एक किलोमीटर दूर सूखे नाले में उनकी लाश मिली है। पुलिस जांच में पता चला है कि करीब एक महीने पहले ही उनका कोलकाता से दिल्ली ट्रांसफर हुआ था। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस घटना की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। 

एक महीने पहले हुआ ट्रांसफर 
गाजियाबाद के सेक्टर 5 राजेंद्र नगर में 40 वर्षीय विनय त्यागी परिवार के साथ रहते थे। वह टाटा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेशनल बिजनेस हेड थे और उनका करीब एक महीने पहले ही कोलकाता से दिल्ली ट्रांसफर हुआ था। वह गुरुग्राम कार्यालय में बैठते थे और मेट्रो से आते जाते थे। शुक्रवार रात वह मेट्रो से घर के लिए निकले थे, इस बीच उन्होंने अपनी पत्नी रुचि त्यागी को लोकेशन भेजकर राजेन्द्र मेट्रो स्टेशन रिसीव करने के लिए बुलाया। करीब 11 बजे रुचि त्यागी वहां पहुंची तो विनय नहीं मिले। फोन ट्राई किया तो वह बंद मिला। फिर वह घर चली गई। इसके बाद उन्होंने दोबारा विनय की तलाश शुरू की। रात करीब 3 बजे खेतान पब्लिक स्कूल के पास सूखे नाले में विनय घायल अवस्था में मिले। परिजनों ने उन्हें तुरंत नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

हत्या को लूट दिखाने की साजिश 
पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि विनय के पास से मोबाइल और उनका लैपटॉप नहीं मिले। हत्या करने वाले शख्स ने प्लान के तहत इस केस को लूट दिखाकर पुलिस को बरगलाने की कोशिश की है। पुलिस अब विनय के मोबाइल के ट्रेस करने में जुटी है। साथ ही राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन से विनय के घर जाने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिससे हत्यारे को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। 

परिचित पर हत्या का शक 
किसी परिचित ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। क्योंकि जहां विनय घायल अवस्था में मिले थे वहां काफी चहल-पहल थी। इसके बाद राजेंद्र मेट्रो स्टेशन से लेकर विनय घर जाने वाले रास्ते पर भी देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में कोई किसी की हत्या कर दे और लोगों को पता न चले, यह संभव नहीं है। पुलिस ने अज्ञात परिचित पर हत्या का शक जाहिर किया है। 

दिल के पास चाकू से दो बार किया वार 
पुलिस जांच में पता चला है कि विनय के दिल के पास चाकू मारे जाने के दो निशान मिले हैं। चाकू का वार भी काफी गहरा था। जिसके बाद घायल अवस्था में विनय को डीएवी स्कूल के पास नाले में फेंका गया। बताया जा रहा है कि काफी देर तक घायल पड़े रहने के दौरान उनका काफी खून बह गया। देर से इलाज मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। 

पत्नी भी है अधिकारी 
विनय की पत्नी शिक्षा विभाग में बड़ी अधिकारी है और गाजियाबाद में ही तैनात है। इसके बाद अलावा उनके दो बेटे हैं जो 10वीं और 11वीं कक्षा में पढ़ रहे हैं। रुचि त्यागी काफी समय से राजेंद्र सेक्टर 5 में रह रही है। जबकि उनके पति का एक महीने पहले ही कोलकात से दिल्ली ट्रांसफर हुआ था, जिसके बाद से वह उनके साथ रह रहे थे। 

पुलिस का बयान 
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की हर एंगल पर जांच की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

अन्य खबरें