गाजियाबाद पहुंचे विजय हिन्दुस्तानी : शरीर पर पहनी लोहे की मोटी बेड़ियां, कहा- भगत, सुखदेव और राजगुरु को दिलाएंगे शहीद का दर्जा

गाजियाबाद | 4 महीना पहले | Junaid Akhtar

Tricity Today | गाजियाबाद पहुंचे विजय हिन्दुस्तानी



Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक 26 वर्षीय नौजवान विजय हिन्दुस्तानी भारत भ्रमण के लिए निकले हुए हैं। उनका मकसद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद का दर्जा दिलाना है। बुधवार को विजय गाजियाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने शरीर पर लोहे की मोटी बेड़ियां पहनी हुई थी। इस बीच उन्होंने गाजियाबाद पहुंचकर कलक्ट्रेट में इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस तरह वे अब तक 34 अलग-अलग जिलों के कलेक्टरेट में जाकर ज्ञापन दे चुके हैं। 

1 हजार से ज्यादा शहीद परिवारों से की मुलाकात 
विजय हिंदुस्तानी का कहना है कि हमारी यात्रा का मकसद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद का दर्जा दिलाना है। इसके लिए हम देश के हर जिले में जाकर ज्ञापन सौंप रहे हैं। साथ ही राष्ट्रपति से भी मांग कर रहे हैं। विजय का कहना है कि मैंने एक टीम बनाई है। मेरी टीम अब तक एक हजार से ज्यादा शहीद परिवारों से मिल चुकी है। दरअसल, जब सीमा पर कोई जवान शहीद होता है तो नेता पहुंच जाते हैं। लेकिन कई सैनिक ऐसे भी हैं जिनके घर कोई नहीं जाता। हमारी टीम ऐसे जवानों के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना और हौसला देती है।

शरीर पर गुदवाए 250 से ज्यादा शहीदों के नाम 
विजय हिंदुस्तानी ने कहा कि सेना के प्रति मेरा जुनून है। तभी तो उन्होंने अपनी पीठ पर 250 से ज्यादा शहीदों के नाम गुदवाए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने सीने पर 342 तिरंगे पिन लगवाकर भी रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि उनका भारत भ्रमण जारी रहेगा।

अन्य खबरें