गाजियाबाद से बड़ी खबर : घरेलू क्लेश इतना बढ़ा कि चाकू से गोदकर कर दी पत्नी की ह‌त्या, अब पुलिस की गिरफ्त में

Tricity Today | ACP Swatantra Kumar Singh



Ghaziabad News : खोड़ा थानाक्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात लोकेश गंगवार अपनी पत्नी पूजा गंगवार पर चाकूओं से वार कर फरार हो गया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई। पुलिस ने फरार हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

देर रात करीब नौ बजे हुई वारदात
खोड़ा थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे पुलिस को वारदात की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जख्मी महिला को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने का प्रयास किया लेकिन महिला बच नहीं पाई। चाकूओं से किए गए वार से घाव अत्यधिक गहरे होने के कारण डॉक्टरों को उपचार में कामयाबी नहीं मिली।

बरेली का रहने वाला है परिवार
पुलिस के मुताबिक लोकेश गंगवार मूलरूप से बरेली जनपद में डंडिया फजल्ला गांव, थानाक्षेत्र पेहतल पट्टी का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी पूजा गंगवार के साथ खोड़ा में कालोनी में सनी यादव के मकान में किराए पर रहता था।दोनों का कोई बच्चा भी नहीं था। पूजा नोएडा की एक एक्सपोर्ट सिलाई कंपनी में नौकरी करती थी। शुक्रवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान लोकेश ने पूजा के पेट में चाकू से वार कर दिए और फिर मौके से फरार हो गया। पूजा ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस को तहरीर का इंतजार
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि जख्मी पूजा को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही पुलिस आरोपी पति को तलाश कर रही थी। शनिवार तड़के आरोपी लोकेश गंगवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर पूजा गंगवार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूजा के परिजनों को भी इस इस संबंध में सूचना भेजी गई है। परिजनों के आने पर ही मामले में कुछ और जानकारी व तहरीर प्राप्त हो सकेगी।

अन्य खबरें