गाजियाबाद में सड़क पर किसान : एनएच-9 स्थित वेव सिटी का मेन गेट घेरकर धरने पर बैठे, 12 सितंबर को दी थी चेतावनी

Tricity Today | वेव सिटी के मेन गेट को घेरकर बैठे किसान



Ghaziabad News : पूर्व घो‌षित कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार को ‌किसान वेव सिटी बिल्डर के खिलाफ एनएन-9 पर पहुंच गए। किसानों ने वेव सिटी के मुख्य द्वारा को ट्रैक्टर लगाकर बंद कर दिया और वहीं धरना देकर बैठ गए। शहर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होने के चलते किसानों के प्रदर्शन से पुलिस के हाथ- पांव फूले हुए ह‌ैं। मौके पर पहुंचे वेव ‌सिटी थाना प्रभारी ने किसानों का मान मनव्वल कर एनएच-9 पर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।

12 सितंबर को दी थी आंदोलन की चेतावनी
किसानों के प्रदर्शन के चलते एनएच-9 पर आवाजाही काफी देर तक प्रभावित रही। हालांकि अब स्थिति सुधर गई है। बता दें कि वेव सिटी से प्रभावित किसानों एक सप्ताह पूर्व 12 सितंबर को इकला गांव में बैठक कर एलान किया था कि 18 सितंबर को किसान वेव सिटी के मुख्य द्वार और बिल्डर कार्यालय को बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसानों ने चेतावनी दी थी कि यह धरना प्रदर्शन मांगे नहीं माने जाने तक जारी रहेगा। बता दें कि उस समय तक किसानों को भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी।

भारतीय किसान संगठन की अगुवाई में आंदोलन
भारतीय किसान संगठन के बैनर तले वेव सिटी से प्रभावित किसान आंदोलन कर रहे हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र यादव इस आंदोलन की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन पर वादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा था कि अपनी मांगों को लेकर किसानों ने 21 अगस्त को वेव सिटी के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान जिला प्रशासन व जीडीए अधिकारियों ने 12 सितंबर को बिल्डर के साथ बैठक कराते हुए सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन किसानों को बैठक के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई।

किसानों ने गांव- गांव जाकर जुटाया समर्थन
जिलाध्यक्ष लोकेश नागर ने कहा था कि जिला प्रशासन व जीडीए ने किसानों के साथ किया वादा पूरा नहीं किया। वादा खिलाफी पर संगठन नं गांव गांव जाकर किसानों को इकट्ठा करने और 18 सितंबर को वेव सिटी का मुख्य द्वार और बिल्डर कार्यालय पर किसान ट्रैक्टर ट्राली से पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।

अन्य खबरें