BIG BREAKING : गाजियाबाद में बदमाशों का तांडव जारी, ज्वेलरी शॉप में घुसकर कारोबारी को शूट किया

Tricity Today | ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी



Ghaziabad News : गाजियाबाद में डकैतों और लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अब गुरुवार को दिनदहाड़े दोपहर में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। शहर के सिहानी गेट इलाके में बदमाश ज्वेलरी शॉप में घुस गए। वहां कारोबारी को गोली मार दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक बदमाश लूट के इरादे से ज्वेलरी शॉप में घुसे थे। आपको बता दें कि पिछले एक हफ्ते में लूट की यह पांचवी वारदात है। इससे पहले शहर के दो बैंकों से 22 लाख रुपए की लूट हो चुकी है। कानून-व्यवस्था को ना संभाल पाने से नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार को इसी सप्ताह निलंबित कर दिया था। फिलहाल, गाजियाबाद जिले की जिम्मेदारी डीआईजी के पास है।

सफेद स्कूटी पर सवार होकर आए थे दो बदमाश
घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया, "हमें शुरुआती जानकारी मिली है कि दो बदमाश सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर आए थे। सिहानी गेट थानाक्षेत्र में राकेश गर्ग मार्ग पर भगवत स्वरूप बनवारी लाल ज्वेलर्स की शॉप में दोनों लोग घुसे। उस वक्त ज्वैलर और उनका बेटा बैठे हुए थे। पहले बातचीत की और फिर लूटपाट करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान कारोबारी ने एक लुटेरे का हाथ पकड़ लिया। उसने तुरंत गोली चला दी। गोली कारोबारी के बेटे को लगी है। गोली उनके पेट से आर-पार निकल गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।"

एसएसपी ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड किया
एसएसपी मुनिराज ने बताया, "आज सुबह 11:00 बजे से 2:00 बजे तक इस पूरे बाजार में चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद यह बड़ी वारदात हुई है। ऐसा प्रतीत होता है कि चैकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने सही ढंग से काम नहीं किया है। कार्यवाही करते हुए यहां के स्थानीय चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है। यह देखा जाएगा की जांच करने के लिए पुलिस पिकेट कहां-कहां लगाई गई थीं। अगर उनमें कोई चूक हुई है तो उसे सुधारा जाएगा।" एसएसपी ने आगे कहा, "इस वारदात का खुलासा करने के लिए 10 टीम लगाई गई हैं। पूरे जिले में नाकाबंदी करके जांच की जा रही है। गाजियाबाद शहर में नाकाबंदी और कॉम्बिंग चल रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकलवाई जा रही हैं। जल्दी लुटेरों को पहचानकर गिरफ्तार किया जाएगा।"

हेलमेट पहनकर ज्वेलरी शॉप में घुसे लुटेरे
व्यापारी और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो बदमाश स्कूटी पर सवार होकर आए थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखे थे। ज्वेलर की दुकान में लूट के इरादे से घुसे बदमाशो ने लूट का विरोध करने पर गोली मारी है। गोली कारोबारी के बेटे को लगी है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि, उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है। इस वारदात पर शहर के लोगों ने रोष प्रकट किया है। लोगों का कहना है, "लगता है गाजियाबाद में बदमाशों को मुठभेड़ का भी डर नहीं रहा है। महज 24 घन्टे पहले गाजियाबाद पुलिस ने 7 घन्टे के भीतर 3 मुठभेड़ में 9 बदमाश पकड़े थे। जिनमें 5 बदमाशों को गोली लगी थी। इसके बावजूद लूट के विरोध पर दिनदहाड़े सर्राफ को गोली मार देना दुस्साहसिक घटना है।" इस वारदात के बाद व्यापारियों में गुस्सा है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है। लुटेरे और डकैत दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

एक हफ्ते में हुईं लूट की 2 बड़ी वारदात
आपको बता दें कि गाजियाबाद में पिछले 1 सप्ताह के भीतर दो बड़ी वारदातें हुई हैं। पहली वारदात गाजियाबाद के नूरनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में हुई। जहां पर नकाबपोश बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर बैंक में 10 लाख रुपए की डकैती की थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

दिनदहाड़े 25 लाख रुपए की लूट
दूसरी घटना गाजियाबाद के ही मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरोपी स्थित अरिहंत पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से हुई थी। जहां पर हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर दिनदहाड़े बैंक कर्मचारियों से 25 लाख की लूट की थी। इन दोनों घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्शन लेते हुए गाजियाबाद के एसएसपी पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया था। गाजियाबाद में बीते दिनों से अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गाजियाबाद पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के में नाकारा साबित हो रही है।

अन्य खबरें