नवरात्र में माता रानी ने भरी सबकी झोली : नोएडा में 9 दिनों में बिकी 4881 गाड़ियां, चार साल का रिकॉर्ड टूटा

Google Photo | Symbolic Photo



Greater Noida Desk : गौतमबुद्ध नगर जिले में इस नवरात्र के दौरान वाहन बिक्री ने पिछले चार सालों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। परिवहन विभाग ने बताया कि इस साल नवरात्र में 4881 नए वाहन पंजीकृत हुए हैं। जो वर्ष 2021 की तुलना में चार गुना अधिक है। खास बात यह है कि इस बार एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 18 कारों की बिक्री भी दर्ज की गई है। इसके साथ दोपहिया वाहनों की बिक्री कारों के मुकाबले अधिक रही है।

लगातार बढ़ रही है वाहन पंजीकरण की संख्या
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक नवरात्र 2021 में 1158 वाहन पंजीकृत हुए थे। फिर वर्ष 2022 में यह संख्या 3695 और वर्ष 2023 में 4877 तक पहुंच गई थी। इस साल 2024 में नवरात्र के दौरान 4881 वाहन पंजीकृत किए गए हैं। यह अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। विभाग का कहना है कि नई सीरीज के आकर्षक नंबरों के लिए अभी भी पंजीकरण जारी हैं। जिससे यह संख्या और भी बढ़ सकती है।

दोपहिया वाहनों की रही धूम
इस नवरात्र पर सबसे ज्यादा बिक्री दोपहिया वाहनों की रही। इस बार 2804 दोपहिया वाहनों का पंजीकरण हुआ। जिनमें स्कूटी की तुलना में बाइकों की संख्या अधिक है। दोपहिया वाहनों के बाद 20 लाख रुपये से अधिक कीमत की 336 कारों का भी पंजीकरण किया गया है। जिससे यह साफ है कि जिले में महंगी गाड़ियों की खरीदारी का क्रेज भी बढ़ रहा है।

करोड़ों की कारों की बिक्री भी बढ़ी
इस नवरात्र के दौरान खास बात यह रही कि एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 18 कारों की बिक्री हुई है। परिवहन विभाग के एआरटीओ प्रशासन डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि यह संख्या दर्शाती है कि जिले में महंगी और लक्जरी गाड़ियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों के लिए पंजीकरण कराने वाले भी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।

अन्य खबरें