BIG BREAKING : यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, 70 यात्रियों से भरी बस नीचे गिरी, सेना के जवान की मौत

Tricity Today | 70 यात्रियों से भरी बस नीचे गिरी



Greater Noida : यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आगरा की तरफ से नोएडा आ रही 70 यात्रियों से भरी डबल डेकर बस यमुना एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। इस हादसे में भारतीय थल सेना के एक जवान की मौत हो गई है। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। यात्रियों को पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के अस्पतालों में भर्ती किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बस में सवार कई लोगों की हालत खराब है। हादसा कितना भीषण था, अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने बस को काटकर घायल यात्रियों को बाहर निकाला है।

कैसे हुआ हादसा
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ओर से बताया गया है कि मंगलवार की सुबह थाना रबूपुरा क्षेत्र के अंतर्गत एक प्राइवेस डबल डेकर बस नम्बर यूपी 81सीटी 4912 गोरखपुर से लुधियाना जा रही थी। प्रातः समय करीब 5.15 बजे बस यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा की तरफ से नोएडा की तरफ जाते समय जब ग्राम खेड़ा मोहम्मदाबाद के सामने पहुंची तो चालक ने आगे चल रहे ट्रक संख्या आरजे 2जीबी 4196 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस ट्रक में पत्थर लदे हैं। पीछे से जोरदार टक्कर के कारण बस अनियंत्रित होकर यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे लगे लोहे के क्रेश गार्डर को तोड़कर नीचे गिर गई।

डबल डेकर बस में 70 यात्री सवार थे
पुलिस ने बताया कि इस डबल डेकर बस में करीब 70 व्यक्ति सवार थे। सवार लोगों में से 9 लोगों को गंभीर चोट आई हैं। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी 0236, 0723, थाना रबूपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस में फंसे गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को हाइवे पेट्रोलिंग कर्मचारियों की मदद से निकाला गया। बस के हिस्से को काटकर घायलों को बाहर निकालना पड़ा। सभी को उपचार के लिए शहर के एक प्राइवेट अस्पताल और ग्रेटर नोएडा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में एम्बुलेंसों से भेजा गया। प्राइवेट अस्पताल में गंभीर रूप से घायल लवी कुमार की मौत हो गई है। रवि कुमार देवबरारी पोस्ट सुलेली तहसील नूरपुर कांगडा हिमाचल प्रदेश का निवासी था। वह भारतीय थल सेना का जवान था और डोगरा रेजीमेन्ट में तैनात था। उनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बताया कि इस मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।

अन्य खबरें