Greater Noida : हरतालिका तीज की तैयारियां शुरू, मेहंदी से लेकर ब्यूटी पार्लर तक महिलाओं की भारी भीड़, कल रखेंगी व्रत

Tricity Today | हरतालिका तीज की तैयारियां शुरू



Greater Noida News : शहर के सबसे बड़े बाजार जगत फार्म में जगह-जगह पर महिलाएं मेहंदी लगवा रही हैं। कॉस्मेटिक शॉप पर भीड़ है। बाजार में महिलाएं अपने सोलह श्रृंगार का सामान ले रही हैं। सभी हरतालिका तीज की तैयारियां कर रही है। कल धूमधाम के साथ सभी सुहागन महिलाएं इस त्यौहार को मनाएंगी। हरतालिका तीज पर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा होती है। 

हाथों में मेहंदी लगाना अनिवार्य
कल सोमवार को महापर्व हरतालिका तीज है। इस दिन महिलाएं अपने सुहाग के लिए व्रत रखती हैं और भगवान शंकर-पार्वती की पूजा करती है। इस पर्व पर हाथों में मेहंदी लगाना अनिवार्य होता है। इसके अलावा महिलाएं सोलह श्रृंगार करके व्रत को पूरा करती हैं। हाथों में मेहंदी लगाई बिना यह पर्व अधूरा माना जाता है। 

ब्यूटी पार्लर और कॉस्मेटिक दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ 
इस मौके पर ग्रेटर नोएडा के सबसे बड़े बाजार जगत फार्म में महिलाओं की भीड़ अच्छी-खासी हो गई। सभी महिलाएं पूजन की सामग्री और सोलह श्रृंगार का सामान लेने बाजार में पहुंच रही है। जगत फार्म में जगह-जगह पर बैठकर महिलाएं मेहंदी लगवा रही है। कपड़ों की दुकानों, ब्यूटी पार्लर और कॉस्मेटिक दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ है। जिसकी वजह से दुकानदारों और कारोबारी में खुशी दिख रही है।

क्यों मनाई जाती है हरतालिका तीज
इस दिन सुहागिन महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती और उनके पूरे परिवार की मिट्टी की मूर्तियां बनाकर घर में मंदिर में स्थापित करते हैं। माता का श्रृंगार किया जाता है। महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं, हाथों पर मेहंदी रचाती हैं और रात में माता गौरी की पूजा करती हैं। सुहागिनों के साथ ही कुंवारी लड़कियां भी इस दिन उपवास करती हैं। सौभाग्यवती महिलाएं अपने सुहाग को अखंड बनाए रखने के लिए हरतालिका तीज का व्रत करती हैं। अविवाहित युवतियां मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए इस दिन उपवास करती हैं। हरतालिका तीज को मनाने का एक कारण माता पार्वती और भगवान शिव हैं। मान्यता है कि माता पार्वती ने ही सबसे पहले हरतालिका तीज का व्रत करते भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त किया था। माता पार्वती का अनुसरण करते हुए महिलाएं शिवजी और माता पार्वती जैसा दांपत्य जीवन पाने की कामना करती हैं।

अन्य खबरें