यमुना अथॉरिटी से खास खबर : देश का पहला शहर होगा जहां चलेंगी पॉड टैक्सी, एयरपोर्ट और फिल्म सिटी को जोड़ेंगी

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



Yamuna Authority : यमुना सिटी में पॉड टैक्सी चलाने की तैयारी तेज हो गई है। यमुना सिटी देश का पहला शहर होगा जहां पर लोग पॉड टैक्सी में बैठ कर यात्रा करेंगे। पॉड टैक्सी चलाने के लिए डीपीआर तैयार हो गई है। इस परियोजना के निर्माण के लिए 674 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। यमुना सिटी में पॉड टैक्सी चलाने के लिए रूट भी तय कर दिए गए हैं। जेवर के पास बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) और यमुना सिटी के बीच पॉड टैक्सी चलेंगी। 
एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बीच संचालन होगा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे फिल्म सिटी तक पॉड टैक्सी का संचालन किया जाएगा। फिल्म सिटी के अंदर एम्यूजमेंट पार्क बनाया जाएगा। यहां पर शहर के लोग मनोरंजन करेंगे। इसके बाद वापस पॉड टैक्सी से जा सकते हैं। पॉड टैक्सी शहर के 60 मीटर और 75 मीटर रोड के साथ-साथ चलाई जाएंगी। इसके निर्माण के लिए अलग से जमीन की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा पॉड टैक्सी यमुना सिटी में बने इंडस्ट्रियल सेक्टर, एमएसएमई पार्क, टॉय पार्क, सेमी कंडेक्टर पार्क और डाटा सेंटर पार्क के अलावा आवासीय व इंस्टीट्यूशनल पार्क में चलेगी। पॉड टैक्सी प्रत्येक सेक्टर को कनेक्ट करेगी।

पॉड टैक्सी का संचालन खुद करेंगे यात्री
पॉड टैक्सी का संचालन यात्री खुद करते हैं। बटन दबाते ही स्टॉप पर रुक जाएगी। बटन दबाते ही आगे बढ़ जाएगी। पॉड टैक्सी अभी तक देश में कहीं नहीं है। पहली बार यमुना सिटी में इनका संचालन किया जाएगा। अभी पॉड टैक्सी दुनिया के कुछ चुनिनंदा देशों में चलती है। यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि पॉड टैक्सी के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। डीपीआर भी तैयार हो गई है। एस्टीमेट के अनुसार परियोजना के निर्माण पर करीब 674 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यदि आगे निर्माण की लागत बढ़ती है तो बजट बढ़ सकता है।

सार्वजनिक सेवा के रूप में काम करेगी
जानकारों का कहना है कि पॉड टैक्सी यमुना सिटी के लोगों के लिए बड़ा वरदान साबित होगी। पॉड टैक्सी में बैठ कर लोग नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शहर के किसी भी हिस्से में आवागमन कर सकते हैं। शहर के निवासियों को प्राइवेट व्हीकल का का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। खुद का व्हीकल भी चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किराया भी बेहद सस्ता होगा और यात्रा में कहीं जाम नहीं लगेगा। पॉड टैक्सी से समय रहते लोग अपने-अपने गतंव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

अन्य खबरें