Gurugram News : प्राकृतिक खेती के लिए हरियाणा सरकार की विशेष योजना, देसी गाय खरीद पर 25 हजार सब्सिडी

Google Image | प्राकृतिक खेती के लिए हरियाणा सरकार की विशेष योजना,



Gurugram News : हरियाणा सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में किसानों को देसी गाय की खरीद करने पर आर्थिक सहायता के लिए 25 हजार रुपये की सहायता देने की योजना शुरू की गई है। देसी गाय किसानों के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने आधार है। देसी गाय के गोबर से ही जीवामृत घोल तैयार होता है, जो खेती में खाद के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि सरकार द्वारा आमजन को खुशहाल व आर्थिक मजबूती देने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि खेती में जोखिमों को कम करने व खेती को जहर मुक्त बनाने के लिए किसानों को विभिन्न प्रकार की अनुदान योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

कृषि विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
डीसी निशांत यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने योजनाओं का विस्तार करते हुए अब स्वेच्छा से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाले ऐसे किसान, जिसके पास दो से पांच एकड़ भूमि है, उनको गाय की खरीद पर सब्सिडी देने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने वाले किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए जीवामृत का घोल तैयार करने के लिए चार बड़े ड्रम नि:शुल्क दिए जाएंगे। प्रदेश में 50 हजार एकड़ में प्राकृतिक खेती करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए कृषि विभाग के जरिए अभियान चलाकर किसानों का प्राकृतिक खेती करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

आने वाली पीढ़ी को मिले उपजाऊ जमीन
 डीसी ने बताया कि बाजार में बढ़ रही मांग के मद्देनजर किसानों द्वारा अधिक उपज प्राप्त करने के लिए रासायनिक खादों और कीटनाशकों के उपयोग में जबरदस्त वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप मिट्टी तथा फसल की उपज में हानिकारक रसायनों में वृद्धि हुई है। इन हानिकारक रसायनों के प्रभाव को कम करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की योजना लाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।

मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक अनिल तंवर ने बताया कि फसल को बिक्री व कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए फसल का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है। पंजीकरण किसी भी सीएससी सेंटर में जाकर कराया जा सकता है। कृषि से संबंधित योजनाओं की अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर किसान संपर्क कर सकते हैं।

अन्य खबरें