हापुड़ में 860 टीमें घर-घर जाकर करेंगी जागरूक :  विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की शुरुआत, नोडल अधिकारी रखेंगे नजर 

हापुड़ | 5 दिन पहले | Shahrukh Khan

Tricity Today | विधायक विजयपाल आढ़ती ने रिबन काटा



Hapur News : जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ हो गया है। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की करीब 860 टीमें घर-घर जाएंगी और लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके अलावा टीमें संचारी रोगों से बचाव के उपाय भी बताएंगी। यह अभियान 31 जुलाई तक लगातार चलाया जाएगा। इसमें करीब 11 विभाग प्रतिभाग करेंगे। सभी विभागों का नोडल अधिकारी स्वास्थ्य विभाग रहेगा, जो सभी के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेगा। 

विधायक ने रैली को दिखाई हरी झंडी 
अभियान का शुभारंभ नगर पालिका परिसर में शहर विधायक विजयपाल आढ़ती ने रिबन काटकर और रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली यहां से अतरपुरा चौपला, रेलवे रोड से वापस नगर पालिका परिसर में आकर रुकी। रैली में मौजूद एनसीसी कैडेट्स, आशा, आंगनबाड़ी आदि ने लोगों को संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके बाद सभी को शपथ ग्रहण कराई गई। उन्होंने कहा कि अभियान के वर्षा के मौसम में जलजनित बीमारियों से बचाव करने की बेहद आवश्यकता होती है। घर या घर के आस-पास कहीं भी साफ पानी को एकत्र न होने दें और साफ-सफाई का विशेष तौर पर ध्यान रखें। सीएमओ डाक्टर सुनील कुमार त्यागी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 चलाया जाएगा, इसके अलावा 11 से 31 जुलाई के बीच दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम टीबी समेत अन्य बीमारी से ग्रस्त मरीजों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक लेकर पहुंचेंगी। वहीं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान स्कूलों में छात्रों को भी मच्छरों के लार्वा पनपने के स्रोतों की जानकारी दी जाएगी।

एंटी लार्वा दवाई का किया जाएगा छिड़काव
जिला मलेरिया अधिकारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान में अधिकांश सभी विभागों की मदद ली जाएगी। सफाई नायकों की भी अभियान में विशेष भूमिका रहेगी।शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फागिंग और एंटी लार्वा दवाई का छिड़काव किया जाएगा। हैंडपंप के आसपास जलजमाव नहीं होने देना है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी और आशा घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरों को दूर रखने के उपायों के बारे में बताएंगी। बुखार से ग्रसित लोगों की सूची, टीबी संबंधित रोगों की सूची तैयार करेंगी। लोगों को घर के आसपास सफाई, पानी इकट्ठा न होने देने के लिए प्रेरित करेंगी।

अन्य खबरें