लखनऊ : खालिस्तानी आतंकी जगदेव जग्गा गिरफ्तार, पंजाब लेकर जाएगी पुलिस

लखनऊ | 3 साल पहले | Sandeep Tiwari

Tricity Today | खालिस्तानी आतंकी जगदेव जग्गा गिरफ्तार



लखनऊ की क्राइम ब्रांच टीम और पंजाब पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान खालिस्तानी समर्थक एक आतंकी को सचिवालय चौराहा सेक्टर-सी जानकीपुरम से गिरफ्तार किया है। राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल परमजीत सिंह पम्मा और मलतानी सिंह का साथी जगदेव सिंह उर्फ जग्गा दबोचा गया है। आरोपी को कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पंजाब ले जाया जाएगा। 

अमृतसर कोर्ट ने जारी किया था वारेंट
जग्‍गा के खिलाफ सात फरवरी को अमृतसर की कोर्ट के न्‍याय‍िक मजिस्‍ट्रेट ने गिरफ्तारी का वारंट भी जारी किया था। बताया जा रहा है कि आतंकी का संबंध खालिस्‍तान समर्थक आतंकवादी परमजीत सिंह पम्‍मा और मलतानी सिंह व अन्‍य राष्‍ट्र विरोधी तत्‍वों से है। परमजीत सिंह इंग्‍लैंड में रहकर राष्‍ट्र विरोधी गतिविध‍ियों में लिप्‍त है।

राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
जगदेव सिंह उर्फ जग्‍गा 2019 में 23 मार्च से 19 अक्‍टूबर तक व 2020 में 26 अक्‍टूबर से 26 नवंबर तक अमृतसर की जेल और गुरदासपुर की जेल में सजा काट चुका है। यह खालिस्तानी आतंकवादी परमजीत सिंह पम्मा और मलतानी सिंह का खास साथी है। परमजीत सिंह पम्मा और मलतानी सिंह राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। ये दोनों इंग्लैंड और जर्मनी में रहकर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देते आ रहे हैं। यह संगठन असलहों और कारतूस की खरीद फरोख्त के लिए धन भी मुहैया करा रहा था। गिरफ्तार अरोपित ने मध्य प्रदेश से असलहों की खरीद फरोख्त भी की थी।

इस टीम ने किया गिरफ्तार
वांछ‍ित आतंकी को स्‍टेट स्‍पेशल ऑप्‍रेशन सेल अमृतसर (पंजाब), क्राइम ब्रांच लखनऊ, सर्विलांस क्राइम ब्रांच, विकास नगर थाना और लखनऊ की संयुक्‍त पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है।

अन्य खबरें