भारत में हर दिन 86 रेप का कौन जिम्मेदार : महिला अपराधों पर भड़कीं प्रियंका गांधी, महिलाएं सुरक्षा की आशा किससे करें?

लखनऊ | 1 महीना पहले | Jyoti Karki

Tricity Today | महिला अपराधों पर भड़कीं प्रियंका गांधी



Lucknow News : भारत एक ऐसा देश जहां पर महिलाओं को देवी मानकर पूजा जाता है। लेकिन इसी देश में आए दिन महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। कोलकाता में डॉक्टर के साथ रेप, अयोध्या में नाबालिग का गर्भवती हो जाना, कन्नौज में नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म, न जाने कितनी घटनाएं हैं, जो हर रोज निकल कर सामने आती तो हैं पर ऐसे मामलों में इंसाफ या कार्रवाई का पता तक नहीं चलता है। अब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने भी इन मसलों को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि देश में हर दिन 86 रेप हो रहे हैं, ऐसे में महिलाएं सुरक्षा की आशा किससे करें?
जानिए क्या बोलीं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शुक्रवार की दोपहर एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- 'कोलकाता, बिहार, उत्तराखंड और यूपी में महिलाओं के साथ हुई क्रूरताओं ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस समय देश भर की महिलाएं दुख और गुस्से में हैं। जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो देश की महिलाएं देखती हैं कि सरकारें क्या कर रही हैं? उनकी बातों और उपायों में कितनी गंभीरता है? जहां भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश देने की जरूरत हुई, वहां आरोपियों को बचाने की कोशिशें की गईं। महिलाओं पर जघन्य अत्याचार के मामलों में बार-बार नरमी बरतना, आरोपी को राजनीतिक संरक्षण देना और सजायाफ्ता कैदियों को जमानत/पैरोल देने जैसी हरकतें महिलाओं को हतोत्साहित करती हैं। इससे देश की महिलाओं में क्या संदेश जाता है? जब सरकारी आंकड़ों में हर दिन 86 रेप हो रहे हों, महिलाएं सुरक्षा की आशा किससे करें?'

कोलकाता की घटना पर भी पोस्ट
प्रियंका गांधी ने कुछ दिन पहले कोलकाता में हुई वीभत्स घटना पर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था- 'कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा देश में बहुत बड़ा मुद्दा है और इस​के लिए ठोस प्रयास की जरूरत है। मेरी राज्य सरकार से अपील है कि इस मामले में त्वरित और सख्त से सख्त कार्रवाई हो और पीड़िता के परिवार और साथी डॉक्टरों को न्याय मिले।'

भाजपा ने प्रियंका पर साधा था निशाना
बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दो प्रमुख नेता, राहुल गांधी और अखिलेश यादव, अपराधियों के समर्थक बन गए हैं। त्रिवेदी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर भी सवाल उठाया और पूछा कि वह क्यों मौन हैं। उन्होंने कहा कि 'प्रियंका गांधी अब कुछ बोल क्यों नहीं रही हैं। उनके मुंह में दही क्यों जम गई है।' सुधांशु त्रिवेदी ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के मामलों पर विपक्ष की चुप्पी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने सोनिया गांधी और कांग्रेस से यह सवाल किया कि वे इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप क्यों हैं। त्रिवेदी ने यह तर्क किया कि जब महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को अधिक सक्रिय होना चाहिए था।

अन्य खबरें