BIG BREAKING: वेस्ट यूपी के इन 15 जिलों में राज्य के 50 फीसदी कोरोना मरीज, नहीं मिलेगी लॉकडाउन से राहत

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



आज लॉकडाउन-3 खत्म हो रहा है और लॉकडाउन-4 का स्वरूप कैसा होगा, इसका इंतजार उत्तर प्रदेश की जनता कर रही है। देर शाम तक उत्तर प्रदेश सरकार हालात साफ कर देगी। बता दिया जाएगा कि किस जिले में रहत मिलेंगी और किन जिलों में पाबंदियां और सख्त की जाएंगी। हालांकि, पिछले 3 दिनों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत जिम्मेदार आला अधिकारी कह रहे हैं कि लॉकडाउ- 4 में पाबंदियां और सख्ती से लागू की जाएंगी। पूरे प्रदेश के हालात कैसे रहेंगे? यह तो पता चल ही जाएगा लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में कोरोनावायरस से जुड़े आंकड़े हालात खुद ब खुद हालात बयां कर रहे हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरोना से निपटने में प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बागपत में अब तक कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। इन जिलों में संक्रमित लोगों के ठीक होने का रेकॉर्ड भी शानदार है। प्रदेश सरकार की चिंता मेरठ, आगरा और मुरादाबाद जिले हैं। इन तीन जिलों में 51 लोगों की मौत हो चुकी हैं। पूरे प्रदेश में 15 मई तक 95 लोगों की मौत हुई है। इनमें से पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में 64 लोग महामारी के शिकार हो चुके हैं।

इसके अलावा पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में 2312 लोग संक्रमित हैं। यह प्रदेश में कुल 4057 मरीजों के 58 प्रतिशत के करीब है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो बागपत जिले में कुल 25 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 16 ठीक हो गए और 9 का अभी इलाज चल रहा है। मुजफ्फरनगर में 26 संक्रमित मरीजों के मामले सामने आए हैं। इनमें 23 ठीक हो चुके हैं सिर्फ 3 मरीजों का इलाज चल रहा है।

सहारनपुर जिले में 209 मरीज संक्रमित जरूर हुए हैं, मगर यहां 170 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। 39 लोगों का इलाज चल रहा है। इसी तरह शामली जिले में कुल 33 मरीजों में से 27 ठीक हुए हैं। सिर्फ 6 मरीज अस्पताल में हैं। इनके अलावा अमरोहा में 34 में से 26, बिजनौर में 46 में से 28, बुलंदशहर में 81 में से 56 मरीज ठीक हो चुके हैं।

आगरा, मेरठ, मुरादाबाद के हालात बेहद खतरनाक बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आगरा में अभी तक संक्रमण के 794 मामले सामने आए हैं। यहां 24 लोगों की मौत हो चुकी हैं। 394 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 376 अभी भी विभिन्न अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं। इसी तरह मेरठ में 295 संक्रमित लोगों में से 17 की मौत हो चुकी है। यहां 184 लोग अभी भी संक्रमित हैं। मुरादाबाद में मरने वालों की संख्या 10 है। यहां कुल 151 में से 100 ठीक हो चुके हैं।

गौतमबुद्ध नगर जिले में 247 मरीज हैं। 4 की मौत हुई है। 181 लोग ठीक हो गए हैं। मथुरा जिले में 56 लोग ही संक्रमित हुए हैं। इनमें 4 की मौत होने से यहां प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मथुरा में 42 लोग अभी भी हॉस्पिटल में हैं। यही वजह है कि शासन ने आगरा और मथुरा में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के ट्रांसफर किए हैं। हापुड़ में एक और गाजियाबाद में दो की मौत से प्रशासन चिंतित है।

अन्य खबरें