लेनदेन के विवाद में महिला टेलर की सहकर्मी ने गला रेतकर हत्या की

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



लेनदेन के विवाद में बापूधाम कालोनी में रहने वाली एक महिला का उसके ही सहकर्मी ने गला रेत कर हत्या कर दी। शनिवार की सुबह शव मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू की और महज कुछ घंटे बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे फ्लैट में महिला का शव मिलने की सूचना आई थी। इस सूचना पर  पुलिस पहुंची। उस समय महिला का शव लहुलुहान हालत में पड़ा था। पडोसियों ने महिला की पहचान सोनिया उर्फ प्रीति के रूप में की। पड़ोसियों ने बताया कि महिला अपने पति से अलग रहती है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने उसके पति रिंकू को फोन कर बुलाया। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि करीब एक घंटा पहले ही महिला के साथ सिलाई का काम करने वाला युवक मनोज कुमार घर से निकला था। 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रिंकू ने बताया कि दोनों पारिवारिक विवाद की वजह से करीब एक साल से अलग रह रहे थे। दोनों बच्चे भी रिंकू के पास ही हैं। रिंकू ने बताया कि मनोज के साथ सोनिया संजयनगर में एक टेलर के यहां नौकरी करती थी। करीब चार माह पूर्व दोनों ने नौकरी छोड़ दी और सोनिया ने अपने फ्लैट पर काम करना शुरू कर दिया। सोनिया आर्डर लेती थी और मनोज यहीं से कपड़े उठाकर अपने घर पर सिलाई करता था।

पुलिस अधीक्षक नगर (प्रथम) अभिषेक वर्मा ने बताया कि रिंकू ने मोदीनगर के रहने वाले सोनिया के सहकर्मी मनोज पर शक जाहिर करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के अधार पर  मामला दर्ज कर महज छह घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

मनोज ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सोनिया ने पहले से अधिक वेतन देने की बात कही तो थी लेकिन अब तक एक बार भी उसने पूरा वेतन नहीं दिया। मांगने पर 200-400 रुपये देकर उसे टाल देती थी। इस बची उसकी मां की तबियत खराब हो गई और वह पैसे के लिए शनिवार की सुबह सोनिया के पास पहुंचा था। इस बार भी सोनिया ने तत्काल पैसे दे पाने में असमर्थता जताई। इस बात को लेकर दोनों में काफी विवाद भी हुआ। इसके बाद मनोज ने पास में ही पड़े चाकू से सोनिया की गर्दन रेत दिया। पुलिस ने बताया कि मनोज ने मौत सुनिश्चित करने के लिए सोनिया के ऊपर चाकू से कई बार वार भी किया। 

मनोज के व्यवहार से परेशान थी सोनिया
सोनियी के पड़ोसी व करीबियों ने बताया कि मनोज के व्यवहार से सोनिया भी दुखी थी। वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। लेकिन मनोज उसके पास से हटने को तैयार नहीं था। पड़ोसियों ने बताया कि अक्सर सोनिया उसके व्यवहार से दुखी रहती थी। वह कहती थी कि मनोज शराब पीकर कभी भी उसके घर में घुस आता था।

अन्य खबरें