गाजियाबाद में इंडोनेशिया के 10 जमाती और 5 शरण देने वालों पर एफआईआर दर्ज

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



गाजियाबाद पुलिस ने इंडोनेशिया के 10 जमातियों और उन्हें यहां शरण देने वाले 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शनिवार को पुलिस ने शहीद नगर के एक घर और मदरसे से 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को पकड़ा है। इनमें पांच महिला और पांच पुरुष शामिल हैं। इनको जांच के लिए भेजा गया है। इन लोगों को शरण देने वाले और इनके होने की सूचना पुलिस-प्रशासन से छिपाने वाले पांच लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। कुल 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

आपको बता दें कि शहीद नगर के मदरसे से पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 10 जमाती पकड़े हैं। ये सभी इंडोनेशिया के रहने वाले हैं और टूरिस्ट वीजा पर भारत आए हुए हैं। शुरुआती पड़ताल में पुलिस को जानकारी मिली है कि यह सभी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन मरकज भी गए थे। वहां से गाजियाबाद चले आए थे। स्वास्थ्य विभाग सभी का कोरोना वायरस टेस्ट करवा रहा है। रिपोर्ट आने तक इन्हें क्वारंटाइन करके रखा जाएगा।

गाजियाबाद में जमातियों के पकड़े जाने का सिलसिला जारी है। अब शनिवार की दोपहर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहीद नगर से 10 इंडोनेशिया के नागरिकों को पकड़ा है, जो जमात में शामिल हैं। जानकारी मिली है कि पुलिस शनिवार को लॉकडाउन का जायजा लेने के लिए शहीद नगर इलाके में ड्रोन से निगरानी कर रही थी। उसी दौरान इन लोगों पर नजर पड़ी। पुलिस के मुताबिक इंडोनेशिया के ये लोग भारत मे टूरिस्ट वीजा पर आए हैं। यहां धर्म प्रचार करते घूम रहे हैं।

आपको बता दें कि शनिवार की शाम गाजियाबाद के मसूरी गांव में 7 लोगों को कोरोनावायरस से संक्रमित घोषित किया गया है। बड़ी बात यह है कि सभी सातों लोग तबलीगी जमात से ताल्लुक रखते हैं। ये जमाती दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन मरकज से भागकर गाजियाबाद के मसूरी गांव में पहुंचे थे। शुक्रवार को भी तीन तबलीगी जमात के सदस्यों को कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया था। इस तरह अब तक गाजियाबाद में तबलीगी जमात के 10 सदस्य कोरोनावायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं।

अन्य खबरें