भगवान राम और सीता मैया के लिए कैसे सजी अयोध्या नगरी, देखिए Photo Series

Tricity Today | भगवान राम और सीता मैया के लिए कैसे सजी अयोध्या नगरी



उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भव्य दीपोत्सव मनाने के लिए अयोध्या पहुंच गए हैं। आज अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत दिवाली के कई उपहार मिलने की संभावना है। एक दर्जन से अधिक विकास परियोजनाओं की घोषणा होने की संभावना है। सरयू नदी तट को 5.51 लाख दीयों से सजाया जाएगा।

भगवान राम, देवी सीता और लक्ष्मण के वेश में कलाकार 'पुष्पक विमान से तट पर उतरे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री ने उनकी अगवानी की। हेलीकॉप्टर को फूलों से सजाकर विमान का रूप दिया गया है।

यह समारोह शुक्रवार दोपहर को ही प्रारंभ हो गया। जबकि अयोध्या के साकेत कॉलेज से भगवान राम की झांकी पांच किलोमीटर का मार्ग तय कर तट पर पहुंची। झांकी में गुरुकुल शिक्षा, राम-सीता विवाह, केवट प्रसंग, राम दरबार, सबरी राम मिलाप और लंका दहन जैसे अद्भुत प्रस्तुतियां हैं।

सूर्यास्त के साथ ही सरयू नदी में भव्य आरती होगी तब आगामी राममंदिर निर्माण स्थल पर भी 11000 दीये जलाये गए हैं। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री नयी परियोजनाओं की घोषणा करने के साथ ही वर्तमान विकास परियोजनाओं के बारे में बात कर सकते हैं। 

अयोध्या और उसके लोगों के लिए मुख्यमंत्री कुछ परियोजनाएं समर्पित कर सकते हैं उनमें आधुनिक सीवेज शोधन संयंत्र है ताकि नदी का प्रवाह एवं स्वच्छता बना रहे। इस तीर्थनगर में 3.47 करोड़ रूपये से रामलीला सेंटर, 19.02 करोड़ रूपये की लागत से भजन स्थल, 21.92 करोड़ रूपये की लागत से रानी हेओ मेमोरियल पार्क, 7.59 करोड़ रूपये की लागत से रामकथा वीथिका आदि बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर्व का आयोजन तब से होता आ रहा है, जब लंका विजय एवं 14 वर्ष के वनवास के पश्चात भगवान श्रीराम, माता सीता और अपने अनुज लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या पहुंचे थे। उनके आगमन पर अयोध्यावासियों ने हर्षोल्लास से अमावस की काली रात को दीपकों के प्रकाश से आलोकित कर दिया। प्रकाश पर्व दीपावली उसी परम्परा को जीवन्त करता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परम्परा को 'दीपोत्सव' के आयोजन के माध्यम से पुन: प्रतिष्ठित कर, सम्पूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित करा रही है।

मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर समस्त अनुष्ठानों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल तथा सामाजिक दूरी का पूर्ण पालन करने की अपील की है।

 

अन्य खबरें