गाजियाबाद : कल्याण सिंह को एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ से लाया गया, यशोदा अस्पताल में भर्ती

Google Image | कल्याण सिंह को एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ से लाया गया



उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को बुधवार की सुबह एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ से गाजियाबाद लाया गया है। उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल में उनका कोरोना संक्रमण का उपचार किया जा रहा है। दरअसल, कल्याण सिंह 3 दिन पहले कोरोना वायरस के संक्रमण में आ गए थे। जिसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने के चलते बुधवार की सुबह उन्हें गाजियाबाद लाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक कल्याण सिंह अब पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं।

बुधवार की सुबह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी के साथ फैल गई थी। अफवाह के कारण भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट कर दिए थे। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट हुई कि कल्याण सिंह ठीक हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ से गाजियाबाद लाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री को एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट लाया गया। वहां से एंबुलेंस में उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल, उनका यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आपको बता दें कि 3 दिन पहले संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कल्याण सिंह को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती किया गया था। मंगलवार की देर रात उन्हें सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई। जिसके बाद परिजनों ने फैसला लिया कि कल्याण सिंह को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती करवाया जाए। डॉक्टरों की टीम एयर एंबुलेंस से कल्याण सिंह को गाजियाबाद लेकर पहुंची और यशोदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री के यशोदा अस्पताल में भर्ती होने के बाद सुरक्षा और चौकसी बढ़ा दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक कल्याण सिंह की हालत में सुधार है। उनके परिजनों की ओर से सुबह फैली अफवाह का भी खंडन किया गया है।

अन्य खबरें