नोएडा डीएनडी पर लम्बा ट्रैफिक जाम, डीएम सुहास ने क्या कहा

होम | 4 साल पहले | Anika Gupta

Tricity Today | DM Suhas LY & DND Flyway Noida



नोएडा-दिल्ली के बीच डीएनडी फ्लाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। यह स्थिति लगातार दूसरे दिन भी बनी हुई है। गुरुवार को भी दिनभर डीएनडी फ्लाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। शुक्रवार को भी सुबह से ऐसे ही हालात बने हुए हैं। नोएडा पुलिस हालात संभालने के लिए प्रयास कर रही है। दूसरी ओर गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने लोगों से अपील की है कि वह बिना वजह दिल्ली से आवागमन नहीं करें।

लॉकडाउन टू के दौरान नोएडा और दिल्ली के बीच की सीमाएं पूरी तरह सील कर दी गई थीं। लोगों को आवागमन की बिल्कुल भी इजाजत नहीं थी। केवल डॉक्टर, मीडिया कर्मी, केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों को निश्चित समयावधि के दौरान आवागमन की अनुमति दी जा रही थी। लॉकडाउन-3 शुरू होने के बाद औद्योगिक इकाइयां शुरू की गई हैं। कुछ रहते दी गई हैं। अब पिछले 2 दिनों से लोग दिल्ली की तरफ दौड़ रहे हैं। जिसके कारण डीएनडी फ्लाईओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है।

गुरुवार को सुबह से लेकर शाम तक कारों की लंबी-लंबी लाइनें डीएनडी फ्लाईओवर पर लगी रहीं। शुक्रवार को भी कमोबेश यही हालात बने हुए हैं। इन हालात पर गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने लोगों से अपील की है कि वह बिना मतलब दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन नहीं करें।

डीएम ने कहा, नोएडा रेड जोन में शामिल है। ऐसे में कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर बेहद संवेदनशील स्थिति है। गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग कड़ी चौकसी बरत रहे हैं। लिहाजा, लोगों को बिना वजह दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन नहीं करना चाहिए। हमने औपचारिक रूप से स्वास्थ्य कर्मचारियों, केंद्र सरकार के कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों को आवागमन की इजाजत दी है। बाकी लोगों को बिना वजह दिल्ली आने जाने की छूट नहीं दी गई है।

दिल्ली से नोएडा आने वालों से होती है पूछताछ, जाने वालों से नहीं
नोएडा से दिल्ली जाने वालों की लाइन ज्यादा लंबी हैं। ट्रैफिक जाम नोएडा की ओर से दिल्ली जाने वाले वाली लेन पर ही लग रहा है। दरअसल, नोएडा से दिल्ली जाने वालों से कोई पूछताछ नहीं की जा रही है। जबकि, दिल्ली से नोएडा आने वाले वाहन चालकों को पुलिस रोककर कड़ी पूछताछ करती है। नोएडा पुलिस बिना पास के दिल्ली की ओर से नोएडा में किसी को प्रवेश करने की इजाजत नहीं दे रही है।

नोएडा में फैक्ट्रियां खुलीं तो दिल्ली से आ रहे हैं कर्मचारी
नोएडा में कंपनी और फैक्ट्रियों को चलाने की इजाजत दे दी गई है। इन कंपनियों और फैक्ट्री में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से आवागमन कर रहे हैं। इस कारण भी डीएनडी फ्लाईवे पर ट्रैफिक जाम लग रहा है।