गौतमबुद्ध नगर के हालात पर प्रियंका गांधी ने चिंता जाहिर की, पार्टी के नेताओं को दिए ये निर्देश

Tricity Today | Priyanka Gandhi



कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने गौतमबुद्ध नगर समेत वेस्ट यूपी में बढ़ते संक्रमण पर चिंता जाहिर की है। लॉकडाउन के दौरान मुसीबत में फंसे यूपी के लोगों की मदद करना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने देश के सभी राज्यों में हेल्पलाइन और कॉल सेंटर स्थापित करवाए हैं। इनके जरिए जिन लोगों की सूचनाएं कांग्रेस में पहुंच रही हैं, उनकी हर संभव मदद की अपील प्रियंका गांधी ने पार्टी के पदाधिकारियों से की गई है।

सोमवार की शाम प्रियंका गांधी ने नोएडा महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन और गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। उन्होंने पश्चिमी यूपी के सभी जिलों के अध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों से इस दौरान बातचीत की है। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी बातचीत में शामिल रहे। गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान उन्होंने पश्चिमी यूपी के तीन जिलों गौतमबुद्ध नगर, आगरा और मेरठ में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों पर चिंता जताई है। शहाबुद्दीन ने बताया कि उन्होंने मजदूर वर्ग के लिए खाने और रहने के इंतजामों के साथ ही राशन वितरण पर जिलाधिकारी से मिलकर उनकी समस्याएं हल करने को कहा है। 

प्रियंका गांधी ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रवासी मजदूरों की समस्याओं को लेकर एक पत्र लिखेंगी। प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों से पूछा है कि हर जिले में जो लोग बाहर से आकर रह रहे हैं, उनको राहत देने के लिए प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं। अगर कोई कमी है तो इस बारे में संबंधित अधिकारियों के सामने मुद्दा उठाएं। पार्टी की सांझी रसोई को लेकर भी उन्होंने जानकारी हासिल की है। उनकी चिंता यह है कि जो लोग अपने-अपने घर जाना चाहते हैं, उन्हें बस के जरिए उनके घर तक पहुंचाने में क्या मदद हो सकती है। नोएडा, आगरा और मेरठ में कोरोना के बढ़ते मरीजों पर प्रियंका गांधी ने चिंता जाहिर की है।

अन्य खबरें