होली पर रहेगी मारामारी : नोएडा से अब लंबी दूरी के लिए नहीं मिलेगी बस, यात्री रहेंगे परेशान

नोएडा | 2 महीना पहले | Junaid Akhtar

Goolge Image | Symbolic Image



Noida News : नोएडा से होली पर घर जाने वाले लोगों को इस बार बस मिलने काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, इस बार नोएडा डिपो से लंबी दूरी के लिए बस नहीं चलेगी। सीएनजी मिलने में दिक्कत होने पर परिवहन निगम के अधिकारियों ने यह फैसला लिया है। 

गोरखपुर, सीतापुर और सुल्तानपुर नहीं जाएगी बस 
नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि डिपो से होली पर हर साल गोरखपुर, सीतापुर, सुल्तानपुर समेत तमाम शहरों के लिए बसें चलाई जाती हैं। इस बार इन शहरों के लिए बसें नहीं भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बसों को रास्ते में सीएनजी मिलने में दिक्कत होती है। इसके अलावा लंबी दूरी के लिए अधिक यात्री भी नहीं मिलते हैं। इस कारण लंबी दूरी के लिए बस नहीं चलाई जाएंगी। वहीं डिपो में होली पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही 24 घंटे बसें मिलनी शुरू हो जाएंगी। डिपो अधिकारियों के अनुसार, भीड़ रहने तक यह सुविधा जारी रहेगी। भीड़ कम होने के साथ ही पूर्व की तरह सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक बस मिलने का समय लागू कर दिया जाएगा।

लखनऊ और अयोध्या के लिए मिलेगी बस 
उन्होंने कहा कि लखनऊ और अयोध्या के लिए बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। वर्तमान समय में दोनों शहरों के लिए एक-एक बस चलती है। दोनों बसें सुबह के समय डिपो से बस निकलती हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो से 20 मार्च से होली स्पेशल बसें शुरू होंगी। बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। एक अप्रैल तक यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। 

कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त 
अधिकारियों, चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों की छुट्टी आपातकालीन स्थित को छोड़कर निरस्त कर दी गई हैं।डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि बुजुर्गों और महिलाओं को सीट मिले, इस पर विशेष जोर दिया जाएगा। ड्राइवर और कंडक्टरों को इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रूट की करीब दस फीसदी बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा है।

नोएडा डिपो के पास नहीं है अपनी एसी बस 
नोएडा डिपो में 180 बस हैं। सभी सीएनजी से चलने वाली साधारण बस हैं। डिपो की अपनी एसी बस नहीं हैं, अन्य डिपो की एसी बस नोएडा डिपो होकर निकलती हैं। डिपो से तमाम शहरों के लिए बसें चलती हैं। इनमें बरेली, हाथरस, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हरिद्वार, कोटद्वार, लखनऊ, अयोध्या, कालागढ़, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सहारनपुर समेत अन्य शहरों के लिए बस शामिल है। लोग उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की वेबसाइट पर टिकट बुक कर सकते हैं। इससे लोगों को सीट मिलने में समस्या नहीं होगी।

अन्य खबरें