प्रयागराज में कोरोना का कहर : एक दिन में 1419 नए मामले, प्रदेश के चार जिलों में 50 प्रतिशत कर्मचारी जाएंगे दफ्तर

Google Photo | Symbolic Photo



प्रयागराज में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को एक ही दिन में सबसे अधिक 1419 लोग संक्रमित मिले हैं। प्रयागराज में अब तक लगातार चार दिनों से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हजार से ऊपर रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार शुक्रवार को लेवल-2 तेज बहादुर सप्रू बेली अस्पताल 133 और यूनाइटेड मेडिसिटी हॉस्पिटल में 68 लोग भर्ती हैं। वहीं लेवल- थ्री स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में 290 मरीज भर्ती हैं। कोविड-19 लेवल-थ्री अस्पताल में मौके पर कुल 320 बेड की क्षमता है।

प्रयागराज में अप्रैल महीने सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने कई ठोस कदम उठाये हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट के अतिरिक्त उन सभी जरूरी स्थानों पर पहुंचकर जांच की गई है। तेजी से फैल रहे संक्रमण के प्रसार को रोकने को लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। जगह-जगह से 9578 लोगों के सैंपल जांच के लिए गये हैं।

एसआरएन लेवल-थ्री हॉस्पिटल से 22 लोग और होम आइसोलेशन से 28 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। वहीं लेवल-2 यूनाइटेड मेडिसिटी हॉस्पिटल से 8 मरीज डिस्चार्ज किये गये हैं। कोविड-19 अस्पताल में भर्ती छः लोगों की मृत्यु हुई है। प्रयागराज में अलग-अलग विभागों के अधिकारी व कर्मचारी संक्रमित हुए हैं। कोरोना संक्रमित लोगों में  स्वास्थ्य विभाग, शिक्षक, रेलवे, पुलिस, सीआरपीएफ, बैंक कर्मचारी समेत अन्य सरकारी विभागों और निजी संस्थानों से जुड़े लोग शामिल हैं।

प्रदेश के चार जिलों में 50% कर्मचारी कार्यालय जाएंगे
प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए चार जनपदों लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर व वाराणसी में सरकारी और निजी कार्यालय में अब 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही ऑफिस में काम के लिए बुलाया जायेगा। बाकी 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से ही ऑफिस का काम करने की व्यवस्था करेंगे। आवश्यकतानुसार रोटेशन के तहत कर्मचारियों से काम लिया जाएगा। इन चारों जिलों में यह व्यवस्था 30 अप्रैल तक लागू रहेगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अपर मुख्य सचिव शासन अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि कोविड का नया संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में चारों जिलों के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस व्यवस्था तत्काल लागू कराने के निर्देश दिये गये हैं।

अन्य खबरें