प्रयागराज : उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या बोले- जनहित में कार्य के लिए सभी वर्गों के विकास का संकल्प लेकर चलती है बीजेपी

Tricity Today | उप मुख्यमंत्री केशव शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती से मिले आशीर्वाद लिया



उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने प्रयागराज से लखनऊ प्रस्थान के दौरान मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जोश भरा। रास्ते में रविवार शाम को नवाबगंज में अचानक रुक गए इस दौरान वहां स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चाय पी। कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा पहले भी वही कार्य कर रही थी जो लोगों के हित में थे। अब भी वही कार्य हो रहे हैं जो जनहित में हैं। उन्होंने कहा कि गांव गरीब मजदूर और किसान सहित सभी वर्ग का विकास ही हमारा संकल्प है।

अलोपीबाग मठ में शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती से मिले लिया आशीर्वाद
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या लखनऊ जाने से पहले प्रयागराज के अलोपीबाग में कार्यकर्ताओं से भी मिले। वहीं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य तथा परम पूज्य शंकराचार्य श्री वासुदेवानंद सरस्वती जी महाराज व अन्य पूज्य संतों से जाकर मिले और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित बैकुंठधाम सभागार में श्री रामलीला महासंघ प्रयागराज के पदाधिकारी को भी संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जातिवाद परिवारवाद वंशवाद और संप्रदायवाद की राजनीति भाजपा ने खत्म किया है। यदि कुछ शुरू हुआ है तो वह विकास है। यदि चुनाव की बात है तो हम हमेशा इसके लिए तैयार रहते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने बीजेपी कार्यकर्ताओं में भरा जोश
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग की मदद के लिए हमेशा सक्रिय रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही सेवा समर्पण के तहत मानव सेवा और कर्मठता की मिसाल पेश की है। कोरोना काल में खुद को संकट में डाल कर भी आम जनमानस की मदद की। वह सिर्फ पार्टी के काम को नहीं देखता बल्कि अपने आसपास के समाज की भी मदद करता है। खासकर जाति धर्म से ऊपर उठकर कार्य किया, यदि कुछ रहा तो वह मानव धर्म यानी पूरी संवेदना के साथ सभी लोगों के लिए भाजपा कार्यकर्ता खड़े रहे।

चुनाव सभी कार्यकर्ताओं के प्रयास का नतीजा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति कर रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका लाभ जरूर मिलेगा। वास्तव में चुनाव लड़ना किसी एक दिन की बात नहीं होती है, यह सतत प्रयास का परिणाम होता है। अब वह समय आ चुका है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनमानस के बीच सरकार के कार्यों को लेकर जाएं और उनके आधार पर वोट भी मांगे। पार्टी कार्यकर्ता ऐसा करेंगे तो अवश्य ही सभी बूथों पर भाजपा का परचम लहराएगा।

अन्य खबरें