प्रयागराज : दरगाह पर पहुंची भीड़, पुलिस ने रोका तो किया जानलेवा हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल

Google Image | दरगाह पर दर्शन के लिए पहुंची भीड़ को पुलिस ने रोका



प्रयागराज बहरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदरा स्थित गाजी मियां की दरगाह पर निशान चढ़ाने के लिए आई भीड़ को वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने मना किया तो बवाल हो गया। रविवार को साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू का पालन करा रहे पुलिस वालों पर मजार में निशान चढ़ाने आए लोगों नें आक्रोशित होकर ईंट, पत्थर से हमला बोल दिया। जिसमें एक महिला पुलिस कर्मी समेत दो सिपाही घायल हो गए। 

बहरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदरा स्थित गाजी मियां की मजार है। यहां दूर-दूर से लोग अपनी मुरादें पूरी होने पर निशान चढ़ाने के लिए आते हैं। रविवार को बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने आते रहे हैं। लेकिन कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सरकार के शासनादेश के कारण शनिवार व रविवार को साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू लगा है। इसलिए कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के लिए गाजी मियां की मजार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद भी थाना सरायममरेज के गोपाली पुर गांव निवासी चंद्रशेखर पुत्र शंभू नाथ का निशान लेकर 30 से 40 लोग गाजी मियां की मजार की तरफ बढ़ने लगे मजार में ताला बंद होने की जानकारी उन्हें मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दी। साथ ही वहां से लोगों को वापस जाने को कहा तो निशान लेकर पहुंचे लोग भड़क गए।

घायल तीन पुलिसकर्मियों में एक महिला सिपाही
मौके पर मौजूद सिपाहियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन निशान लेकर आए लोग सिपाहियों से भिड़ गए और गाली गलौज करने लगे। इस बीच भीड़ में से कुछ लोग पुलिस पर ईंट पत्थर चलाने लगे। बताते हैं कि निशान में कुछ लोग डंडा भी लिए हुए थे। दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। जिसमें तीन सिपाही चंद्रवीर, नंदलाल और एक महिला  कांस्टेबल सुमन देवी घायल हुई हैं।

पुलिस पर पथराव करने वालों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया
पुलिस पर हमले की सूचना पर वहां कई थाने की पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी भी पहुंच गए। तत्काल तीनों सिपाहियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरिया में भर्ती कराया गया। पुलिस पर हमला करने वालों में से तीन लोगों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया। जिसमें अभिजीत कुमार, चंद्रशेखर और एक महिला सुशीला देवी है। पुलिस पर हमला करने वाले लोगों के ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया।

अन्य खबरें