प्रयागराज : डीएम ने नाइट कर्फ्यू में किया बदलाव, अब 9 घंटे रहेगा सड़कों पर सन्नाटा

Google Image | नाइट कर्फ्यू



प्रयागराज जनपद में प्रशासन ने नाईट कर्फ्यू के समय में एक दिन बाद ही बदलाव कर दिया है। रात्रि कर्फ्यू अब रात के 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लगा रहेगा। यह आदेश 20 अप्रैल तक लागू रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़कर अन्य सभी लोगों के लिए कर्फ्यू के समय आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रात में एडीजी जोन प्रेम प्रकाश, आईजी रेंज केपी सिंह और एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी समेत पुलिस के अन्य आलाधिकारियों ने शहर में पैदल सड़कों पर निकलकर लोगों को आगाह किया और नियम का पालन नहीं करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने रात नौ बजे के बाद जगह-जगह चेकिंग करना शुरू कर दिया। लोगों को बताया गया कि नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।

प्रयागराज जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रदेश सरकार के निर्देश पर बुधवार की रात जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने नाइट कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया था। पहले नाइट कर्फ्यू रात दस बजे से सुबह आठ बजे तक लागू किया जाना निर्धारित था। शहर के लोगों ने इसका विरोध किया और अधिकारियों से शिकायत भी की कहा कि सुबह की दिनचर्या के लिए इसमें राहत देनी चाहिए। और बताया कि प्रदेश के कई अन्य जिलों में नाईट कर्फ्यू का समय रात्रि नौ बजे से सुबह छः बजे तक ही रखा गया है। इसलिए यहां भी सुबह आठ  बजे के बजाय छः बजे तक ही रात्रि कर्फ्यू का समय लागू किया जाय। जिलाधिकारी प्रयागराज ने शाम तक रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव कर दिया। उन्होंने नाइट कर्फ्यू के समय में बदलाव करते हुए उसे रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू करने का आदेश दिया। यह आदेश 20 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। 

जिलाधिकारी का आदेश मिलते ही पुलिस ने नौ बजे के बाद बाजार बंद करवा दिया और शहर में सड़कों पर जगह-जगह एनाउंस भी किया गया कि रात्रि कर्फ्यू के दौरान बाहर निकलने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त दिन में लोग शासन की गाइडलाइन का पालन अवश्य करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर शारीरिक दूरी और मास्क जरूर लगायें।

अन्य खबरें