यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : अजय कुमार लल्लू का आरपीएन सिंह पर बोला हमला, कहा- कांग्रेस ने किसान के बेटे को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया इसलिए छोड़ दी पार्टी

Tricity Today | Ajay Kumar Lallu



लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव की तारीखें करीब आ रही हैं वैसे-वैसे यूपी की सियासत गर्म होती जा रही है। मंगलवार को आर पी एन सिंह ने कांग्रेस को अलविदा कहने के साथ ही भाजपा में शामिल होकर प्रदेश की राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। वहीं बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने हमला बोलते हुए कहा कि एक मामूली गरीब किसान के बेटे को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया इसलिए आरपीएन सिंह ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

RPN सिंह पिछड़ों के नेता नही-लल्लू
लल्लू ने कहा जब मैं आंदोलन कर रहा था तब वे यूपी सरकार के सहयोग में मुझे मना कर रहे थे। उन्होंने खनन माफिया के खिलाफ लड़ाई में साथ नहीं दिया था। इसके अलावा उनका कांग्रेस पार्टी और उसके समर्थको के प्रति कोई समर्पण का भाव नही था। उन्होंने कहा सिंह पिछड़ों के नेता नहीं हैं। आरपीएन सिंह सिंह और जितिन प्रसाद राजा-रजवाड़ा हैं। कुर्सी, मंच और सम्मान चाहिए, लेकिन कभी गरीब के साथ खड़े नही होंगे। CBI, ED के डर से घर, संपत्ति और स्कूल बचाने के डर से भाग रहे है।'

मैं जबतक जिन्दा रहूँगा तबतक कांग्रेस में रहूँगा-लल्लू
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आगे कहते है, 'जो गरीब-संगठन के लिए काम नहीं करेगा, उसकी कांग्रेस में जगह नहीं है। आरपीएन सिंह प्रचारित कर रहे हैं कि अजय लल्लू बीजेपी में जाने वाले है। मैं जब तक जिऊंगा, कांग्रेस में रहूंगा। मैंने लड़ना सीखा है, जेल को घर और मुकदमों को ईनाम समझता हूं। कांग्रेस का दिल बहुत बड़ा है, सबको मौका देती है। कांग्रेस ये सोच के पेड़ नहीं लगाती कि ये बबूल का है या आम का है।' आपको बता दे कि अजय लल्लू और आरपीएन सिंह दोनों ही कुशीनगर जिले से ताल्लुक रखते हैं।

अन्य खबरें