यूपी : किसानों को साधने उतरेगी कांग्रेस ब्रिगेड, 10 फरवरी से शुरू होगा महा अभियान, प्रियंका-पायलट सहित सभी दिग्गज बनेंगे हिस्सा

Social Media | कांग्रेस पश्चिमी यूपी में बड़े चेहरों को उतारेगी



कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार (10 फरवरी) को सहारनपुर में होने वाली किसान पंचायत में शामिल होकर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ाएंगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान केंद्र सरकार के तीन कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। प्रियंका 10 फरवरी को पार्टी के 'जय जवान जय किसान' अभियान के तहत सहारनपुर जिले की नकुड तहसील के चिलकाना में आयोजित होने वाली किसान पंचायत में शामिल होंगी। इससे कांग्रेस वेस्ट यूपी में किसानों का दिल जीतने की कोशिश करेगी। साथ ही राज्य सरकार से रूष्ट लोगों को अपने पाले में लाने का प्रयास करेगी। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने उनके कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। प्रियंका पिछले दिनों रामपुर जिले के बिलासपुर के रहने वाले किसान नवरीत सिंह के अंतिम अरदास में शामिल हुई थीं। नवरीत की मौत 26 जनवरी को दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड में ट्रैक्टर पलटने से हो गई थी। कांग्रेस ने प्रदेश के गांव-गांव में किसान आंदोलन की रूपरेखा तय कर ली है। कांग्रेस हर तहसील की ज्यादा आबादी वाले गांवों से जय जवान-जय किसान अभियान शुरू कर रही है। इस मिशन के तहत पार्टी ने उन जिलों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है, जहां पर सियासत किसानों के इर्द-गिर्द घुमती है और फिलहाल जहां किसान आंदोलन का खासा प्रभाव है। 

इन जिलों में दिग्गज खेलेंगे दांव
कांग्रेस का यह अभियान सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बदायूं, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई समेत 27 जिलों में शुरू किया जाएगा। इन सभी जनपदों में किसान आंदोलन की वजह से किसान सरकार से खफा हैं। कांग्रेस इसका लाभ उठाने की कोशिश करेगी। पार्टी की 10 दिवसीय जय जवान-जय किसान मुहिम में उत्तर प्रदेश सहित देश के कई बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। इनमें प्रदीप जैन आदित्य, सचिन पायलट, पीएल पुनिया, प्रमोद तिवारी, राज बब्बर, हार्दिक पटेल, आरपीएन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू प्रमुख हैं।

अन्य खबरें