यूपी विधानसभा चुनाव : आप का आरोप, इस बार यूपी में दो एआईएमआईएम चुनाव लड़ेगी

Google Image | आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह



आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भाजपा और एआईएमआईएम के बीच साठगांठ चल रही है। इन दोनों पार्टियों का अवैध गठबंधन हो गया है। एआईएमआईएम असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी है और ओवैसी इस पार्टी से हैदराबाद के सांसद हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से ही आम आदमी पार्टी सूबे की राजनीति में सक्रिय हो गई है। खास तौर पर संजय सिंह प्रदेश की राजनीति में पूरी तरह रम गए हैं। 

संजय सिंह भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज के एक बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश में दो एआईएमआईएम चुनाव लडेगी। एक ओवैसी की अगुवाई में और दूसरी योगी के नेतृत्व में। उत्तर प्रदेश में ओवैसी और योगी का अवैध गठबंधन हो चुका है। इसका खुलासा भाजपा के एक जिम्मेदार सांसद ने किया है। इस बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्पष्टीकरण देना चाहिए। आखिर ये कैसा मिलाजुला खेल खेल रहे हैं।“ 

आप सांसद ने आगे कहा, “भाजपा उत्तर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। दरअसल वो ओवैसी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ रहे हैं। इसका सच क्या है, प्रदेश की जनता जानना चाहती है। भाजपा को इस अवैध गठबंधन का सच जनता को बताना चाहिए।“ बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए सभी राजनीतिक दल अभी से दमखम दिखाने लगे हैं। आम आदमी पार्टी पहली बार पूरे प्रदेश में विधानसभा चुनाव का हिस्सा बनेगी। इसलिए पार्टी आक्रामक तेवर के साथ प्रदेश की सत्तासीन भाजपा सरकार पर हमलावर है।

अन्य खबरें