Uttar Pradesh : एकेटीयू में 8 मई को आएंगी आनंदीबेन पटेल, यूपी के इंजीनियरिंग छात्रों को देंगी सौगात

Tricity Today | आनंदीबेन पटेल



Lucknow News : उत्तर प्रदेश के डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में आठ मई का दिन 'आविर्भाव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। दरअसल, 8 मई 2000 को उत्तर प्रदेश विधान सभा ने 'उप्र प्राविधिक विश्वविद्यालय एक्ट' पास किया था। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल और सहकुलाधिपति आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) होंगी। यह जानकारी विश्विद्यालय की जनसम्पर्क अधिकारी पवन कुमार त्रिपाठी ने दी है।

पवन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राज्यपाल सबसे पहले आईईटी के बने नवनिर्मित उत्तरी गेट का अनावरण करेंगी। परिसर में पौधरोपण भी किया जाएगा। इसके बाद एकेटीयू के रामप्रसाद बिस्मिल सभागार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जहां माननीय राज्यपाल झुग्गी-झोपड़ियों में निवास करने वाले बच्चों को पढ़ाने वाली 'परमार्थ संस्था' के पांच बच्चों और पांच कार्यकर्ता छात्राओं का अभिनंदन करेंगी। इसी दिन 'मातृ दिवस' है, इसलिए अनाथ बालिकाओं और महिला निर्माण मजदूरों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पवन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विश्वविद्यालय के अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी कार्यक्रम होंगे। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्री और महिला ग्राम प्रधानों का सम्मान किया जाएगा। उस दिन 11 गावों को गोद लिया जाएगा। कार्यक्रम में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और प्रमुख सचिव (शिक्षा) कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। कुलपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार मिश्र के निर्देशन में कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं।

अन्य खबरें