यूपी-बिहार विधान परिषद चुनाव : भाजपा ने शाहनवाज हुसैन, अश्विनी त्यागी और सलिल विश्नोई समेत 7 उम्मीदवार घोषित किए

Tricity Today | यूपी-बिहार विधान परिषद चुनाव



उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 12 सीटों के लिए चल रहे चुनाव में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने 6 और उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी, कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक सलिल विश्नोई, पार्टी के बुजुर्ग नेता कुंवर मानवेंद्र सिंह डॉ धर्मवीर प्रजापति, सुरेंद्र चौधरी और गोविंद नारायण शुक्ला शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी इससे पहले 4 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इस चुनाव में भाजपा को 10 ही उम्मीदवार घोषित करने थे। नामांकन करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है। दूसरी ओर बिहार की एक सीट के लिए भाजपा ने सीनियर लीडर शाहनवाज हुसैन को टिकट दिया है।

दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, गुजरात कैडर से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर वापस लौटे आईएएस अफसर अरविंद कुमार शर्मा और पार्टी के प्रदेश महासचिव लक्ष्मण आचार्य को उम्मीदवार घोषित किया था। अरविंद कुमार शर्मा को छोड़कर बाकी तीनों नेता फिलहाल विधान परिषद में ही हैं और 30 जनवरी को इनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। पार्टी इन्हें दोबारा सदन भेज रही है। दूसरी ओर शनिवार को घोषित किए गए सभी छह उम्मीदवार पहली बार विधान परिषद पहुंचेंगे। 

इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष और मौजूदा प्रदेश महामंत्री अश्विनी त्यागी भी शामिल हैं। अश्विनी त्यागी मूल रूप से मेरठ के रहने वाले हैं। कुंवर मानवेंद्र सिंह आगरा से हैं। इससे पहले कुंवर मानवेंद्र सिंह कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल रहे थे। भारतीय जनता पार्टी की लहर आने पर वह भी भाजपा में शामिल हो गए थे। सलिल विश्नोई भी कांग्रेसी से भारतीय जनता पार्टी आए थे। वह कानपुर से हैं और विधायक रह चुके हैं।

अन्य खबरें