मेरठ में रैपिड रेल साइट पर बड़ा हादसा : मजदूरों पर गिरा स्लैब, मची अफरा-तफरी

Tricity Today | हादसा



Meerut : मेरठ में रविवार की देर रात निर्माणाधीन रैपिड रेल की साइट पर स्लैब गिरने से हुए हादसे में कई मजदूर घायल हो गए। रैपिड रेल के स्लैब गिरने की आवाज काफी दूर तक सुनीं गई। घटना से आसपास में हड़कंप मच गया। शॉप्रिक्स मॉल चौकी पुलिस और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। 

अचानक भरभरा कर पूरा स्लैब गिरा
मेरठ में शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर रात को ढाई बजे रैपिड रेल के कर्मचारी ऊपर फ्रेम रख रहे थे। तभी अचानक भरभरा कर पूरा स्लैब नीचे आ  गिरा। साइट पर काम कर रहे मजदूर सोनू कुमार, धर्मेंद्र, सुजीत, सागर, सोनू और राम इकबाल बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि दो मजदूर चंदन और भोला की हालत गंभीर बताई जा रही है। मजदूर सोनू ने बताया कि अचानक से पूरा स्लैब भरभरा कर नीचे गिर गया। गनीमत रही थी कि कोई भी फ्रेम के नीचे नहीं दबा। फ्रेम के नीचे आ जाते तो बड़ा हादसा हो जाता।

डीएम और एसएसपी ने जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद देर रात साढ़े तीन बजे डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सजवान और सीओ ब्रह्मपुरी शूचिता सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल के बारे जानकारी करने के बाद सभी अफसर केएमसी अस्पताल में पहुंचे, जहां पर सभी घायलों से बातचीत की गई है। सीओ शूचिता सिंह का कहना है कि अभी तक दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

दिन में होता हादसा तो होता बड़ा नुकसान
शॉप्रिक्स मॉल चौकी के ठीक सामने जहां पर यह स्लैब ऊपर रखा जा रहा था, वहां पर किसी भी वाहन को नहीं रोका गया था, गनीमत रही कि जिस समय स्लैब गिरा तो उस समय नीचे कोई भी व्यक्ति नहीं जा रहा था, कोई वहां से गुजर रहा होता तो वह भी चपेट में आ जाता। दुर्भाग्य से यह हादसा दिन या शाम के समय होता तो काफी लोग इसके शिकार हो सकते थे। बताया गया कि घायलों को अस्पताल ले जाने में आधा घंटे से ज्यादा का समय लग गया। काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं आई थी।

लापरवाही आई सामने
इसके बाद अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहीं स्लैब गिरने के पीछे कार्यदायी संस्था एलएंडटी की लापरवाही भी उजागर हो रही है। माना जा रहा है कि स्लैब रखने के दौरान कोई सावधानी नहीं बरती गई है। देर रात एलएडंटी के अफसर भी मौके पर पहुंच गए थे। देर रात एक तरफ का मार्ग बंद कर मलबा हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया था।

अन्य खबरें