अयोध्या की रामलीला में मिस यूनिवर्स दिखेंगी : संसार की सबसे खूबसूरत लड़की बनेगी माता सीता, सांसद मनोज तिवारी समेत 42 फिल्म स्टॉर आएंगे नजर

Google Photo | रिया सिंघा (File Photo)



Uttar Pradesh News/Ayodhya : अयोध्या की प्रतिष्ठित रामलीला आगामी 3 अक्टूबर से श्री राम ऑडिटोरियम में शुरू होने जा रही है। इसमें हर बार फिल्मी हस्तियों का जमावड़ा लगता है। इस बार रामलीला का मंचन खास होगा क्योंकि इसमें बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों के 42 जाने-माने कलाकार अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस वर्ष माता सीता का पवित्र किरदार मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा निभाएंगी, जो इस आयोजन को और भी विशेष बना देगा।

फिल्मी सितारों से सजेगा मंच
रामलीला में इस बार बॉलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारे प्रभु राम की लीला को जीवंत करेंगे। भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी बाली की भूमिका में नजर आएंगे। जबकि रवि किशन सुग्रीव का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री वेदमती और प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी माता शबरी के रूप में मंच पर दिखाई देंगी।

प्रमुख कलाकार और उनकी भूमिकाएं
रामलीला में भगवान शंकर की भूमिका बिंदु दारा सिंह निभाएंगे, जबकि राजा मुराद राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे। राकेश बेदी राजा जनक के रूप में दिखेंगे और विनय सिंह कुंभकरण की भूमिका में नजर आएंगे। मुनि का किरदार निरंजन नारंग निभाएंगे, जबकि प्रभु राम की भूमिका वेद सागर और भरत की भूमिका राज मथुर निभाएंगे। इन कलाकारों की मौजूदगी रामलीला को और भी खास बनाएगी।

अध्यक्ष सुभाष मलिक की जानकारी
रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला बेहद भव्य और खास होने जा रही है, क्योंकि यह पहली बार है जब बॉलीवुड के इतने बड़े कलाकार अयोध्या की रामलीला में भाग लेंगे। भूमि पूजन के साथ सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 3 अक्टूबर से लीला का मंचन शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री होंगे शामिल
रामलीला के इस खास आयोजन के लिए देशभर के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों को निमंत्रण भेजा गया है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या में फिल्मी हस्तियों की रामलीला श्री राम ऑडिटोरियम में हो रही है, जो रामभक्तों के लिए एक ऐतिहासिक अनुभव साबित होगी।

अन्य खबरें