Sambhal News : महिला उपनिरीक्षक के साथ छेड़खानी, दो कांस्टेबल गिरफ्तार, निलंबित

Google Image | Symbolic



Sambhal News : मेला गणेश चौथ की रथयात्रा कार्यक्रम से रात्रि में ड्यूटी करके लौट रही महिला उप निरीक्षक के साथ दो पुलिसकर्मियों ने न केवल छेड़खानी की, बल्कि उन्हें कई किमी तक पीछा करते हुए गाली-गलौंज भी की। इसकी शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

गजरौला से संभल गई थी ड्यूटी करने
दरअसल, अमरोहा जिले के गजरौला थाने में तैनात महिला उप निरीक्षक मंगलवार को संभल जिले के कस्बा चंदौसी में आयोजित मेला गणेश चौथ की रथयात्रा में ड्यूटी करने आई थी। रात्रि में उनके साथ दो पुलिसकर्मियों ने छेड़खानी शुरू कर दी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी कार से अपने चालक के साथ गजरौला वापस लौट रही थी। उप निरीक्षक के अनुसार, उनकी कार का दोनों पुलिसकर्मियों ने पीछा किया और चंदौसी से बहजोई के अलावा पवांसा चौकी तक पीछा करते रहे। रास्ते में गाड़ी रोकी तो आरोपितों ने गाली गलौंज भी की। हालांकि इसकी सूचना तत्काल चौकी प्रभारी पंवांसा और बहजोई थाने में दी गई। रात्रि तकरीबन 2:30 बजे रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने बुधवार की सुबह दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। एक के नशे की हालत में होने के चलते मेडिकल भी कराया गया। बहजोई पुलिस ने आरोपी ट्रैफिक कांस्टेबल रविंद्र कुमार और यूपी 112 पर तैनात पवन चौधरी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। जिन्हें बुधवार की शाम को न्यायालय ले जाया गया। इसके बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया है। जिनकी बर्खास्तगी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ड्यूटी कर लौट रही थी महिला दरोगा
एसपी, संभल कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि एक महिला उप निरीक्षक मेला गणेश चौथ की ड्यूटी करके अपने घर लौट रही थी। जिनके साथ दो पुलिसकर्मियों ने छेड़खानी करते हुए उनका पीछा किया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही दोनों को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

अन्य खबरें