Uttar Pradesh : अवैध खनन करवा रहे दो फर्जी MLA पुलिस ने पकड़े, विधायक लिखी कार में लगा है हूटर और भाजपा का झंडा

Tricity Today | पुलिस ने पकड़े फर्जी MLA



Hamirpur News : हमीरपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दो फर्जी विधायक गिरफ्तार किए हैं। यह लोग कार पर विधायकों का स्टीकर लगा कर घूम रहे थे। इनकी कार में हूटर लगा है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का झंडा भी लगा हुआ है। दोनों लोगों पर अवैध वसूली करने के आरोप हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके गिरफ्तारी की हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनसे कई और बड़ी जानकारी मिली हैं। इनके पास से अवैध असलहा बरामद किए गए हैं। वसूल किया गया पैसा भी पुलिस ने जब्त किया है।

क्या है पूरा मामला
हमीरपुर पुलिस ने गुरुवार की दोपहर फर्जी विधायक बनकर अवैध वसूली करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। भाजपा का झंडा लगाकर और गाड़ी पर विधायक लिखकर चल रहे थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के पास से दो तमंचे और अवैध वसूली करके अर्जित किया गया धन भी बरामद किया है। हमीरपुर सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार उन्हें रात में सूचना मिली की दो युवक अपने आपको विधायक बताकर मौरम लड़े ट्रकों से अवैध वसूली करने में लगे हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने जब दबिश दी तो दोनो अभियुक्तों ने अपनी स्कोर्पियो गाड़ी से भागने की कोशिश की। एक सिपाही के सामने आने पर उस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने गाड़ी का पीछा करके घेराबंदी करते हुए दोनों युवकों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

दो अवैध कंट्रीमेड पिस्टल और ट्रकों से वसूला गया पैसा मिला
सर कोतवाली पुलिस ने बताया कि जब उनकी तलाशी ली गई तो दोनों के पास से तमंचा और कारतूस मिले हैं। ट्रकों से वसूल किए गए 71,490 रुपए की नगदी मिली है। पुलिस ने जब दोनो से पूछताछ की तो पता चला की दोनों कानपुर में किदवई नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों मौरम के अवैध खनन में संलिप्त हैं। फर्जी विधायक बनकर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। दूसरे खनन कारोबारियों से अवैध वसूली कर रहे हैं। इन दोनों का यह अवैध धंधा लंबे अरसे से चल रहा था। आम कारोबारी इन्हें विधायक समझकर कुछ नहीं कह रहे थे। अब किसी को भनक लगी तो पुलिस से शिकायत की गई।

लंबे अरसे से विधायक बनकर घूम रहे थे दोनों युवक
हमीरपुर के एसपी शुभम पटेल ने बताया की पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए अभियुक्त अनिरुद्ध सिंह और निर्भय सिंह हैं। यह दोनों बीते काफी लंबे समय से स्कोर्पियो कार में हूटर लगाकर और विधायक लिखकर चल रहे थे। इनके खुद के दो ट्रक हमीरपुर से मौरम लेकर निकलते हैं। इसी की आड़ में यह दोनों अन्य ट्रकों से विधायक बनकर अवैध वसूली करते थे। दोनों अभियुक्तों के दोनों ट्रक भी बरामद कर लिए गए हैं, जो अवैध तरीके से मौरम लेकर निकल रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए दोनों फर्जी विधायकों के खिलाफ 5-5 मुकदमे दर्ज कराए हैं।

अन्य खबरें