भ्रष्ट नेताओं का गिरोह है विपक्षी गठबंधन

बुलंदशहर में बोले केशव प्रसाद मौर्य : भ्रष्ट नेताओं का गिरोह है विपक्षी गठबंधन

भ्रष्ट नेताओं का गिरोह है विपक्षी गठबंधन

Google Image | उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी नेताओं पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा​ कि विपक्षी गठबंधन भ्रष्ट नेताओं का गिरोह है। उन्होंने भाजपा विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग में विस्तारकों से आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भाजपा की रणनीति पर चर्चा की। 

इस बार 400 के पार
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे तमाम नेताओं का गैंग बनकर रह गया है। यह गठबंधन तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने में कामयाब नहीं होगा। 2019 में 300 पार थे। इस बार 400 पार जाएंगे। उत्तर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतेंगे। विस्तारकों को संबोधित करने के बाद प्रेस वार्ता में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लगातार उत्तर प्रदेश को सभी केंद्रीय योजनाओं को गांव, गरीब और किसान तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने डॉ. आंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि आज के दिन छह दिसंबर 1992 की भी याद आती है। अब 22 जनवरी 2024 का सब लोग इंतजार कर रहे हैं। 

तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत
यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हुए हैं। तीन राज्यों में जहां 2018 में हार गए थे। वह तीनों राज्य भाजपा ने प्रचंड बहुमत से जीते हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की गारंटी का कमाल है। उनकी गारंटी को जिस प्रकार से जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिला है। जिस प्रकार मोदी के मन में भारत है। उसी प्रकार भारतवासियों के मन में मोदी हैं। सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कांग्रेस के लिए क्या कह रहे हैं और कांग्रेस अखिलेश के लिए क्या कह रही है, भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। हमारी विचारधारा और नीतियां सबसे अच्छी हैं। कांग्रेस के समय में भ्रष्टाचार होता था। समाजवादी पार्टी के समय गुंडागर्दी चरम पर थी। जिसको खत्म करने का काम भाजपा ने किया। समाजवादी पार्टी के समय बिजली आती नहीं थी, भाजपा के समय बिजली जाती नहीं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.