बदमाशों ने बाइक सवार दूधिया को मारी गोली, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

गाजियाबाद में अपराध चरम पर : बदमाशों ने बाइक सवार दूधिया को मारी गोली, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

बदमाशों ने बाइक सवार दूधिया को मारी गोली, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Ghaziabad News : गाजियाबाद में पिछले कुछ सप्ताह से अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इस बार गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार रात बदमाशों ने एक बाइक सवार दूधिया को गोली मार दी। घायल दूधिया को इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दो सगे भाइयों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। 

रास्ते में रोककर मारी गोली 
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार रात लोनी थाना क्षेत्र में गांव चिरौड़ी रोड पर निठोरा गेट के नजदीक हुई। गांव सिरोली निवासी 40 वर्षीय सतपाल दूधिया है। वह घटना के समय गाजियाबाद से दूध देकर बाइक से वापस गांव लौट रहा था। रास्ते में दो युवकों ने उसको रोक लिया और पैर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

रुपयों को लेकर चल रहा विवाद 
सतपाल ने पुलिस को बताया कि गांव ढिकौली निवासी दो सगे भाई रजत और प्रशांत से उसका भैंस खरीद के रुपयों का लेनदेन चल रहा है। वह सारे पैसे दे चुका है। इसके बावजूद दोनों भाई पैसे मांग रहे हैं। इसी बात पर सोमवार रात कहासुनी हुई थी। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि इस मामले में सतपाल की शिकायत पर दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.