नाराज ठाकुरों को साधने पहुंचे राजनाथ सिंह, अपनी मौजूदगी में कराया नामाकंन, पढ़िए भीतर की कहानी 

गाजियाबाद लोकसभा चुनाव 2024 : नाराज ठाकुरों को साधने पहुंचे राजनाथ सिंह, अपनी मौजूदगी में कराया नामाकंन, पढ़िए भीतर की कहानी 

नाराज ठाकुरों को साधने पहुंचे राजनाथ सिंह, अपनी मौजूदगी में कराया नामाकंन, पढ़िए भीतर की कहानी 

Google Photo | राजनाथ सिंह

Ghaziabad News : गाजियाबाद लोकसभा के नाराज ठाकुरों को साधने के लिए बुधवार खुद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शहर में पहुंचे। इस दौरान पहले उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के साथ एक जनसभा को संबोधित किया। फिर उनके साथ नामाकंन में भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि राजनाथ को आलाकमान के आदेश पर गाजियाबाद आना पड़ा है। राजनाथ ने इस दौरान गाजियाबाद में भाजपा के ठाकुर नेताओं के साथ-साथ समाज के मोज्जिज लोगों से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद से वीके सिंह का टिकट कटने के बाद से ठाकुर समाज भाजपा से नाराज है। ठाकुर समाज की इसी नाराजगी को दूर करने के लिए बुधवार को खुद राजनाथ सिंह को गाजियाबाद आना पड़ा। 

भाजपा प्रत्याशी हवन के बाद राजनाथ सिंह के साथ पहुंचे कलेक्ट्रेट 
गाजियाबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ नवयुग मार्केट स्थित चुनाव कार्यालय में हवन किया और कहा कि भगवान शिव और जनता का आशीर्वाद लेकर उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया है। वह वर्तमान में सदर विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। 2017 में भी वह सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं और योगी सरकार के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका निभा चुके हैं। अब बीजेपी ने उन पर फिर से भरोसा जताया है और लोकसभा चुनाव के लिए टिकट दिया है। नामांकन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मुरादनगर विधानसभा विधायक अजीत पाल त्यागी, लोनी विधानसभा विधायक नंद किशोर गुर्जर, धौलाना विधानसभा विधायक धर्मेश तोमर समेत अन्य मौजूद रहे।

नामांकन के बाद अतुल गर्ग ने कहा कि देश बहुत तेजी से विकास कर रहा है। दिल्ली के आसपास के इलाकों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) बनाने की परिकल्पना की गई थी, जहां पिछले 10 वर्षों में बहुत काम किया गया। भविष्य में इसमें सुधार का प्रयास किया जाएगा और जो काम अधूरा रह गया है उसे पूरा किया जाएगा।

राजनाथ की सभा से ठाकुर हुए खुश 
राजनाथ की जनसभा में धौलाना विधायक धर्मेश तोमर भी मौजूद थे। इस दौरान राजनाथ सिंह ने धर्मेश तोमर का भी मंच से नाम लिया था। बताया जा रहा है कि धर्मेश तोमर के क्षेत्र से करीब 20 बस जनसभा में पहुंची थी। राजनाथ सिंह ने अपने 36 मिनट के भाषण में गाजियाबाद के सभी विधायक और यहां के लोगों के प्रेमभाव को लेकर भी बात की। बताया जा रहा है कि राजनाथ की जनसभा के बाद एक बार फिर ठाकुर भाजपा के खेमे में जाते दिख रहे हैं।

7 बार भाजपा और 5 बार जीती कांग्रेस 
गाजियाबाद लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश में है और दिल्ली के पास है। जब से इस लोकसभा सीट का नाम गाजियाबाद पड़ा है, उसके बाद से अब तक इस सीट पर सिर्फ बीजेपी की जीत हुई है। इस सीट पर राजपूत-ब्राह्मण और मुसलमान वोटर की बहुलता है। गाजियाबाद लोकसभा सीट से 7 बार बीजेपी और 5 बार कांग्रेस को जीत मिली है। चलिए आपको इस सीट का जातीय समीकरण और इतिहास बताते हैं।

साल 2009 से लगातार राजपूत उम्मीदवार दर्ज कर रहा था जीत 
गाजियाबाद लोकसभा सीट से साल 2009 से लगातार राजपूत उम्मीदवारों को जीत होती रही है। लेकिन इस बार मुख्य पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस ने राजपूत उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है। बीजेपी ने वर्तमान सांसद वीके सिंह का टिकट काट दिया है और उनकी जगह अतुल गर्ग को उम्मीदवार बनाया है। जबकि कांग्रेस ने डॉली शर्मा को उम्मीदवार बनाया है. डॉली शर्मा ब्राह्मण समुदाय से आती हैं. जबकि अतुल गर्ग वैश्य समुदाय से हैं।

2019 में वीके सिंह ने दर्ज की थी जीत 
साल 2019 आम चुनाव में बीजेपी के जनरल विजय कुमार सिंह ने जीत दर्ज की थी। वीके सिंह ने 5 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी। बीजेपी उम्मीदवार सिंह को 9 लाख 44 हाजर 503 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश बंसल को 4 लाख 43 हजार 3 वोट मिले थे। कांग्रेस की डॉली शर्मा को एक लाख 11 हाजर 944 वोट हासिल हुए थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.