Tricity Today | पुलिस कांग्रेसियों से भाजपा नेता से पुतला छीनते हुए
Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में बुधवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए पुतला फूंकने कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उससे पुतला छीन लिया।
सड़क से संसद तक घेरेंगे
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जिस प्रकार से कुंठित मानसिकता वाले भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सीएए के विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों को गोली मारने के नारे तक लगवाए थे। जिस प्रकार से देश की सेवा करने और अपने प्राणों की आहुति देने के लिए सदैव तत्पर रहने वाले गांधी परिवार के सदस्य और कांग्रेस पार्टी के सबसे बड़े सांसद एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मंगलवार संसद में अत्यंत अपमानजनक टिप्पणी की। हम कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता इसे कतई बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम ऐसी मानसिकता वाले नेताओं को सड़क से लेकर संसद तक घेरेंगे।
देश से माफी मांगे अनुराग ठाकुर
उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर को संसद में दिए गए अपने इस अपमानजनक बयान के लिए देश, ओबीसी समाज, देश के दलित वर्ग और देश के उन सभी लोगों से माफी मांगनी चाहिए जो इस देश को एकजुट रखने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री को अपने सांसद के इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और खेद प्रकट करना चाहिए। विरोध मार्च में गौतम अवाना, दुष्यंत नागर, धर्म सिंह वाल्मीकि, नीरज लोहिया एडवोकेट, कपिल भाटी एडवोकेट, अरुण भाटी, सतीश शर्मा, महाराज सिंह नागर, निशा शर्मा, श्रुति गुप्ता, वसील अहमद, अशोक पंडित, कैलाश बंसल, अरविंद रेक्सवाल, संदीप नागर, बिन्नू नेताजी, मोहित भाटी एडवोकेट, सचिन शर्मा, सचिन भाटी, रूपेश भाटी, करतार धीमान, लोकेश, राजू व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।