दो गांव यमुना के बीच बन गए आइलैंड, जिले से संपर्क टूटा, धीरेन्द्र सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे

ग्रेटर नोएडा में बाढ़ : दो गांव यमुना के बीच बन गए आइलैंड, जिले से संपर्क टूटा, धीरेन्द्र सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे

दो गांव यमुना के बीच बन गए आइलैंड, जिले से संपर्क टूटा, धीरेन्द्र सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे

Tricity Today | चंडीगढ़ गांव में हालात का जायजा लेते हुए जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह।

- धीरेंद्र सिंह ने प्रशासनिक तैयारियों को लेकर अधिकारियों से वार्ता की
- विधायक ने मौके पर ही सख्त हिदायत दी कि कोई जनहानि न होने पाए
- बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित ग्राम मेहंदीपुर खादर, चंडीगढ़ बना टापू
- इन दोनों गांवों का गौतमबुद्ध नगर से संपर्क टूटा, विधायक ग्राम में पहुंचे

 

Greater Noida News : पहाड़ पर पड़ रही झमाझम बारिश मैदान पर भारी पड़ रही है। गौतमबुद्ध नगर के यमुना नदी से सटे इलाके जलमग्न हो गए हैं। करीब सात किलोमीटर की दूरी तक कई गांव आइलैंड में तब्दील हो चुके हैं। जेवर क्षेत्र के दो गांवों का सम्पर्क गौतमबुद्ध नगर जिले से टूट गया है। शुक्रवार की सुबह हालात का जायजा लेने के लिए जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह इन दोनों गांवों में पहुंचे। उनके साथ राजस्व विभाग के अफसर भी थे। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन और सरकार हर संभव मदद करेंगे।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार की सुबह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया है। दौरे के वक़्त प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोग साथ रहे। इस दौरान विधायक ने प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं की समीक्षा की। धीरेन्द्र सिंह ने कहा, "देश के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है। जिनमें जेवर क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों से होकर गुजर रही यमुना नदी ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। तटीय क्षेत्र के झुप्पा, शमशम नगर, कानी गढ़ी, गोविंद गढ़, सिरसा, माचीपुर, कर्रौल और जेवर खादर आदि गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। काफी स्थानों पर जल खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है।"

विधायक धीरेंद्र सिंह ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार जेवर, सहायक पुलिस आयुक्त, प्रभारी निरीक्षक, सिंचाई विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायत विभाग, विद्युत विभाग, पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ दौरा किया। उत्पन्न होने वाली आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रामों में आपदा मित्र बनाने व खाद्यान्न किट, मेडिकल किट, डिग्निटी किट, पीए सिस्टम, गोताखोरों की व्यवस्था, नाव, नाविकों की व्यवस्था, जीवन रक्षक उपकरण, मोटर बोट, कंट्रोल रूम की व्यवस्था पर चर्चा की।

धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित ग्राम चंडीगढ़ है। गांव में पानी ने भारी तबाही मचाई है। यूपी-हरियाणा इंटर स्टेट मार्ग ध्वस्त हो गया है। बिजली के पोल जमींदोज हो गए हैं। गांव के चारों ओर पानी ही पानी नज़र आ रहा है। इस स्थिति को लेकर धीरेंद्र सिंह काफी चिंतित हुए और शीघ्र ही हालात से मुख्यमंत्री को अवगत कराने की बात कही है। गांव के लोगों, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों को सुरक्षित निकलने और उनके लिए अस्थाई पुनर्वास के लिए भाईपुर गांव भोले मंदिर के पास आशियाना बनवाया गया है। उनके खाने-पीने और दवाइयों की व्यवस्था कराई गई यहीं। उनके मवेशियों के चारे का भी इंतजाम कराया गया है।

हालत बेकाबू न होने पाएं, इसके लिए दिन-रात स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है। धीरेंद्र सिंह ने लोगों और पशुओं के सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के इंतजामों का जायजा लिया। शीघ्र सर्वे करवाकर फसलों के नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। ताकि उचित मुआवजे की व्यवस्था की जा सके।
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.