डकैती और हत्या के मामले तीन साल से चल रहा था फरार, STF ने दबोचा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से सपा नेता गिरफ्तार : डकैती और हत्या के मामले तीन साल से चल रहा था फरार, STF ने दबोचा

डकैती और हत्या के मामले तीन साल से चल रहा था फरार, STF ने दबोचा

Tricity Today | Symbolic image

Greater Noida West : एसटीएफ मेरठ यूनिट ने एटा के जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे और जिला पंचायत सदस्य सपा नेता पुष्पेंद्र यादव को बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 स्थित चेरी काउंटी सोसायटी की मार्केट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एटा के अलीगंज थाने में डकैती और हत्या के मामले में पिछले तीन साल से वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार का इनाम भी था। देर रात आरोपी को अलीगंज थाने के हवाले कर दिया गया।

25 हजार रुपये का इनाम है घोषित 
एटा के जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र यादव एटा में मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा यादव के बेटे हैं। पुष्पेंद्र के पिता जुगेंद्र यादव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रदेश स्तर के चर्चित माफिया हैं। जुगेंद्र यादव जेल में हैं। चाचा रामेश्वर यादव पूर्व विधायक हैं और वह भी जेल में हैं। पुष्पेंद्र के चाचा रामनाथ यादव अलीगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और फिलहाल फरार हैं। पुष्पेंद्र के साले यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। पुष्पेंद्र यादव, उसके पिता और कई अन्य के खिलाफ एक महिला ने 2021 में अलीगंज थाने में लूट, जानलेवा हमला, छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में केस दर्ज कराया था। तभी से पुष्पेंद्र यादव फरार चल रहा था। एटा पुलिस ने पुष्पेंद्र पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। 

घेराबंदी कर दबोचा 
एसटीएफ मेरठ यूनिट को बुधवार शाम पुष्पेंद्र की लोकेशन ग्रेटर नोएडा में मिली। घेराबंदी करते हुए शाम साढ़े छह बजे नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ ने आरोपी पुष्पेंद्र यादव के पास से एक फॉर्च्यूनर कार, तीन मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी से पूछताछ की गई और रात करीब साढ़े दस बजे पुष्पेंद्र को एटा पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुष्पेंद्र के खिलाफ कुल सात केस दर्ज बताए जा रहे हैं। 

चुनाव के दौरान पुलिस को दी थी धमकी 
पुष्पेंद्र यादव और परिवार का सपा में ऊंचा कद है। इलाके में दबदबा है और परिवार के लोगों पर दर्जनों आपराधिक केस दर्ज हैं। चुनाव के दौरान पुष्पेंद्र पर पुलिस अफसरों को धमकाने का आरोप लगा था, जिसके बाद केस दर्ज किया गया था। यह पहला मौका है जब पुष्पेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस हिरासत में ईमानदारी की शुरुआत
एटा के अलीगंज थाने में बंद पुष्पेंद्र यादव की मेहमाननवाजी उसी रात से शुरू हो गई थी। एसएचओ ने आरोपी को अपने दफ्तर में कुर्सी पर बैठाया। शिकायत लखनऊ तक पहुंच गई है। अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.