Gurugram News : गुरुग्राम में शादी की तैयारियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब करंट लगने से महिला बुरी तरह झुलस गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। उसे बचाने आई दो और महिलाएं भी करंट की चपेट में आ गई। इन दोनों को दिल्ली के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस रविवार बेटी को देखने आ रहे थे लोग
मूल रूप से बिहार की रहने वाली सुनीता, भवानी एन्क्लेव में परिवार के साथ रह रही थी। 40 साल सुनीता के घर में इन दिनों खुशी का माहौल था और शादी की तैयारियां चल रही थी। इस रविवार को सुनीता की बेटी को देखने के लिए लड़के वाले आ रहे थे। मेहमानों की अगवानी के लिए महिला घर में साफ-सफाई कर रही थी। इस दौरान जब महिला चारपाई को कमरे के बाहर छज्जे पर रख रही थी, तभी यह हाई वोल्टेज वाले बिजली के तार से टकरा गई। 11 हजार की लाइन की चपेट में आते ही उसके शरीर झुलसने लगा। उसे बचाने के लिए बेटा और दो महिलाएं दौड़ी लेकिन हाई वोल्टेज करंट में वो भी झुलस गई।
देर से बिजली काटने का आरोप
पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। घायल महिलाओं को दिल्ली के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि बिजली विभाग को तुरंत सूचित कर दिया गया था लेकिन बिजली काफी देर से काटी गई। इस बीच महिला का शव बुरी तरह झुलस गया। सेक्टर 9 ए थाने के एसएचओ रामवीर सिंह ने कहा कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।